Sonia Gandhi के संस्मरण ‘Belonging’ को लेकर दिल्ली के बुक स्टोर्स पर उमड़ी भीड़

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ की प्रतियां लेने के लिए मंगलवार को मध्य दिल्ली की दुकानों पर पाठकों की लंबी कतारें देखी गईं। खान मार्केट और बाराखंभा रोड के पुस्तक विक्रेताओं के अनुसार, पहले ही दिन इस किताब की सैकड़ों प्रतियां हाथों-हाथ बिक गईं। पाठकों में उनके निजी और राजनीतिक सफर को गहराई से जानने के लिए भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ की प्रतियां खरीदने के लिए मंगलवार को मध्य दिल्ली में पुस्तकों की दुकानों पर पाठकों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुस्तक विक्रेताओं ने बताया कि पहले ही दिन पुस्तक को बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली। दुकानदारों ने इस मांग के महत्व पर भी जोर दिया।
उनका कहना था कि इससे पुस्तकों की बिक्री बढ़ती है और दुकानों पर आने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि इससे दुकानों का कुल कारोबार बेहतर होता है। खान मार्केट स्थित बहरिसन्स के मालिक अनुज बहरी ने कहा, “पहले ही दिन इस पुस्तक को शानदार प्रतिक्रिया मिली है।
श्रीमती गांधी साक्षात्कार नहीं देतीं, इसलिए यह पुस्तक उनकी जीवन यात्रा को निकट से जानने का हमारा सबसे अच्छा मौका है। वह एक जानी-मानी सार्वजनिक हस्ती हैं और देश के सबसे प्रमुख राजनीतिक परिवारों में से एक की सदस्य हैं। इसलिए पाठकों ने इस पुस्तक में काफी दिलचस्पी दिखाई है।” उन्होंने बताया कि खान मार्केट की दुकान को कम से कम 1,000 प्रतियां मिली हैं, जिनके जल्द बिक जाने की उम्मीद है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “पहले दिन करीब 300 प्रतियां बिकने की संभावना है।” उन्होंने बताया कि इस पुस्तक को उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश संजय किशन कौल की पुस्तक और अरुंधति रॉय की पुस्तक ‘मदर मैरी कम्स टू मी’ की तरह अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। गांधी के संस्मरण की प्रति खरीदने वाले एक पाठक ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कई दशकों तक रहने के बावजूद गांधी ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लोगों की नजरों से दूर रखा है। उन्होंने कहा, “अब पाठकों के पास उनके राजनीतिक और निजी जीवन की झलक पाने का मौका है।” वहीं, एक अन्य पाठक ने कहा कि 500 से अधिक पृष्ठ की इस पुस्तक को पूरा पढ़ने में कम से कम एक सप्ताह लगेगा, लेकिन वह उनके जीवन की छोटी-छोटी बातों को जानने के लिए उत्सुक हैं।
पाठक ने कहा, “इस पुस्तक को लेकर लोगों की अलग-अलग और विरोधी प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं। लेकिन जो पाठक राजनीतिक नजरिए से हटकर इसे जानना चाहते हैं, उनके लिए यह पुस्तक पढ़ना दिलचस्प होगा। साथ ही, इससे गांधी परिवार को करीब से समझने का अच्छा मौका मिलेगा।” खान मार्केट में ही स्थित फकीर चंद बुक स्टोर पर भी पूरे दिन लगातार ग्राहक आते रहे।
पुस्तक की दुकान के चौथी पीढ़ी के मालिक अभिनव बाम्ही ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमें उम्मीद है कि पहले दिन कम से कम 150 से 200 पुस्तकें बिकेंगी।” उन्होंने कहा कि इतनी मांग पुस्तकों की दुकानों के लिए अच्छी बात है, क्योंकि इससे लोग दोबारा पुस्तकों की दुकानों तक आते हैं। कनॉट प्लेस के पास बाराखंभा रोड स्थित ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर में भी लोगों ने इस पुस्तक के लिए पहले से ऑर्डर दिए और इसे खरीदा। दुकान के प्रबंधक लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने कहा, “हमें अगले दो दिन में कम से कम 100 प्रतियां मिल जाएंगी।
काफी समय बाद किसी नॉन-फिक्शन पुस्तक को लेकर लोगों में इतना उत्साह देखने को मिला है।” बिष्ट के अनुसार, पुस्तक के प्रकाशक बदलने को लेकर हुआ विवाद और पुस्तक में की गई राजनीतिक टिप्पणियों ने भी पाठकों की उत्सुकता बढ़ाई है। उन्होंने का कि इसी वजह से पुस्तक को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
अन्य न्यूज़














