Sourav Das को लंदन जाने से रोका, High Court पहुंची Cockroach Janata Party

कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय जाने से रोके जाने के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। अदालत इस मामले पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करने पर सहमत हो गई है। दास ने आरोप लगाया कि बिना किसी लुकआउट सर्कुलर के उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका गया।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाने से रोके जाने के बाद बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। उन्हें वहां पर ‘‘कॉकरोच आंदोलन’’ पर बोलना था। बुधवार को इस याचिका पर तत्काल सुनवाई के लिए आग्रह किया गया।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि इस मामले को बृहस्पतिवार के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। दास ने आरोप लगाया है कि लंदन जाने वाली उड़ान में सवार होने से पहले उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन काउंटर पर रोक दिया गया। दास के वकील ने अदालत में कहा, ‘‘मेरे मुवक्किल को आव्रजन काउंटर पर रोका गया।
उन्हें कोई आदेश नहीं दिखाया गया। न तो कोई लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) था और न ही किसी प्राधिकारी ने उनके विदेश जाने पर रोक लगाई थी।’’ वकील ने कहा, ‘‘वह आज ही एक नयी याचिका पर सुनवाई का अनुरोध करते हैं। वह (सौरव) अब भी 27 नवंबर को ब्रिटेन पहुंच सकते हैं, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था है।’’ दास ने कहा कि उनकी उड़ान बृहस्पतिवार को है।
इस पर पीठ ने कहा, ‘‘इस (याचिका) पर कल सुनवाई करेंगे।’’ सोमवार को ‘एक्स’ पर कई पोस्ट के जरिये दास ने लंदन जाने वाली रात एक बजे की उड़ान में सवार होने से रोके जाने के बाद केंद्र सरकार की आलोचना की। दास ने कहा, ‘‘मुझे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए लंदन जाने से इस कायर मोदी सरकार ने दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया। इस कायर सरकार ने मुझे लंदन जाने वाली उड़ान में सवार नहीं होने दिया, जहां ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों ने मुझे कॉकरोच आंदोलन पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सरकार एक शिक्षित युवा के शिक्षित लोगों के बीच जाकर बौद्धिक चर्चा करने से इतना डरी हुई क्यों है?
काश, मैं नीरव मोदी होता। काश, मैं विजय माल्या होता।
अन्य न्यूज़














