Keshav Prasad Maurya का SP-Congress पर वार, बोले- UP में तीसरी बार बनेगी BJP सरकार

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन को अपराधियों और भ्रष्टाचारियों का ठगबंधन करार दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तुष्टीकरण और दंगाइयों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मौर्य ने दावा किया कि राज्य की जनता भाजपा के साथ है और पार्टी प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि ये दोनों दल अपराधियों, दंगाइयों और भ्रष्ट तत्वों का प्रतिनिधित्व करते हैं। मौर्य ने साथ ही दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। मौर्य ने यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान विपक्षी गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘यह कोई गठबंधन नहीं बल्कि गुंडों, अपराधियों, भ्रष्ट लोगों और दंगाइयों का ‘ठगबंधन’ है। इसकी हालत न तो आज अच्छी है और न ही भविष्य में सुधरने वाली है।’’
कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच सपा द्वारा पांच उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बारे में पूछे जाने पर मौर्य ने कहा कि यह दोनों विपक्षी दलों की अंदरूनी समस्याओं को दर्शाता है और इसका भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों दलों (सपा और कांग्रेस) के बीच इस तरह की नौटंकी होती रहती है लेकिन इससे भाजपा की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’’ कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा था कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सपा उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही है, कांग्रेस के खिलाफ या भाजपा के खिलाफ। उनके
इस बयान पर मौर्य ने कहा, ‘‘अगर उन्हें समझ नहीं आ रहा है तो उन्हें राहुल गांधी से स्पष्टीकरण मांगना चाहिए।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है और वह ‘‘भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी को वोट देना मुसीबत को न्योता देने जैसा है, जबकि कांग्रेस को वोट देना देश को फिर से पतन की ओर ले जाना होगा। जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है और पार्टी उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।’’
मौर्य ने दावा किया कि सपा और कांग्रेस चाहे मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, जीत भाजपा की ही होगी। उन्होंने कहा, ‘‘इस ‘ठगबंधन’ का कोई भी व्यक्ति भाजपा के कमल को खिलने से नहीं रोक सकता।’’ मौर्य ने सपा की ओर से घोषित पांच उम्मीदवारों में से तीन मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारे जाने पर निशाना साधा और पार्टी पर ‘‘मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा उत्तर प्रदेश में फिर से दंगों का दौर और अपराधियों एवं माफियाओं का वर्चस्व लौटाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य ‘‘पिछले 10 वर्ष से दंगामुक्त’’ रहा है।
मौर्य ने कहा, ‘‘कमल का बटन दबाने से उत्तर प्रदेश सुरक्षित रहेगा। अगर लोग साइकिल का बटन दबाते हैं तो गुंडे, अपराधी और माफिया तत्व उनका शोषण करेंगे, उनकी जमीन हड़प लेंगे और उनकी बेटियों एवं महिलाओं को परेशान करेंगे।’’ उन्होंने मतदाताओं से सपा, कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों को हराने तथा भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत सुनिश्चित करने की अपील की। मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक), अयोध्या और मथुरा के दौरों तथा बागेश्वर धाम के उपदेशक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के धार्मिक प्रवचनों जैसे मुद्दों को लेकर राजनीतिक नौटंकी करने का आरोप लगाया।
शास्त्री हाल में अपने एक प्रवचन में भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करने को लेकर विवादों में घिर गए थे। मौर्य ने यादव पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘अगर हम ‘जय श्री राम’ कहते हैं तो अखिलेश यादव को भी ‘जय श्री राम’ कहना चाहिए। अगर हम ‘जय श्री कृष्ण’ कहते हैं तो उन्हें भी ‘जय श्री कृष्ण’ कहना चाहिए। अगर हम कहते हैं ‘राधे-राधे, कमल खिलाओ’ तो वे कह सकते हैं ‘राधे-राधे, साइकिल पंचर करो’।’’
अन्य न्यूज़














