Sukhvinder Singh Sukhu ने Himachal Pradesh के स्कूलों में 17 अगस्त की छुट्टी घोषित की

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 17 अगस्त को राज्य के सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने यह ऐलान बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में 475 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते समय किया। स्कूल शिक्षा निदेशालय के अनुसार 15 अगस्त को सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे जहां सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश की घोषणा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से 29 जुलाई को जारी अधिसूचना में कहा गया था कि हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल 15 अगस्त को खुले रहेंगे।
आदेश में कहा गया, ‘‘राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण तरीके से उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सभी स्कूलों में ध्वजारोहण समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।’’ अधिकारियों ने बताया कि यह घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के दधोल में 475 करोड़ रुपये की लागत वाली 31 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने के दौरान की गई।
अन्य न्यूज़














