Delimitation Bill का मसौदा देखकर ही रुख तय करेगी राकांपा शप, Supriya Sule का बयान

राकांपा शरदचंद्र पवार की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने मुंबई में स्पष्ट किया कि पार्टी परिसीमन विधेयक के मसौदे का अध्ययन करने के बाद ही अपना आधिकारिक रुख तय करेगी। संसद की 30 नवंबर से शुरू हो रही विशेष बैठक के लिए पार्टी ने अपने सभी आठ लोकसभा सांसदों को उपस्थित रहने का व्हिप जारी किया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के परिसीमन विधेयक पर सरकार का साथ देने के कयासों के बीच पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी पहले विधेयक के मसौदे का अध्ययन करेगी और उसके बाद ही इस पर अपना रुख स्पष्ट करेगी। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से बुलाई गई है, जिसमें जरूरी कामकाज निपटाए जाने की बात सरकार की ओर से की गई है। इस बीच ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सरकार इस बैठक के दौरान महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक को पेश कर सकती है।
राकांपा (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने विधेयक का मसौदा नहीं देखा है और उन्हें बैठक के एजेंडे के बारे में भी जानकारी नहीं है। सुले ने परिसीमन विधेयक पर पार्टी के रुख को लेकर बार-बार पूछे गए सवालों के जवाब में कहा, ‘‘अभी कोई एजेंडा नहीं है। आपको लोकसभा में ही पता चल जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी को अब तक किसी भी बैठक के लिए कोई निमंत्रण नहीं मिला है।
सुले ने कहा कि विधेयक को देखे बिना उस पर टिप्पणी करना मुश्किल है। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक विधेयक सामने नहीं आ जाता, मैं कैसे बता सकती हूं?... मुझे तो अभी तक विषय वस्तु ही नहीं मिली है। इसलिए विषय वस्तु का विवरण मिलने के बाद ही मैं कुछ कह पाऊंगी।’’ राकांपा (शप) ने शुक्रवार को व्हिप जारी कर अपने सभी आठ लोकसभा सदस्यों को संसद की विशेष बैठक के दौरान 30 नवंबर से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
ऐसी अटकलें हैं कि पार्टी परिसीमन विधेयक पर सरकार का समर्थन कर सकती है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के भीतर समन्वय के सवाल पर सुले ने कहा कि वह देश से जुड़े मुद्दों पर उनसे नियमित रूप से बातचीत करती हैं। बारामती से लोकसभा सदस्य सुले ने कहा, ‘‘हम हर दिन हवा, पानी, किसानों और महंगाई जैसे मुद्दों पर आपस में बातचीत करते हैं।’’ परिसीमन का समर्थन करने वाली पार्टियों को चेतावनी देने वाले शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत के बयानों पर सुले ने कहा कि वह राज्य और देश के एक वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
अन्य न्यूज़














