Jammu Kashmir: नेकां विधायकों में असंतोष की अटकलें खत्म, बोले Dy CM Surinder Choudhary

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा है कि पार्टी नेतृत्व ने असंतुष्ट विधायकों से बातचीत कर मुद्दे का पूरी तरह समाधान कर लिया है। उन्होंने मीडिया से राजनीतिक विवादों को तवज्जो देने के बजाय बेरोजगारी और दैनिक वेतनभोगियों जैसे अहम मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

जम्मू, सात नवंबर जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कुछ विधायकों में कथित असंतोष को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगाने की अपील की और कहा कि पार्टी नेतृत्व ने विधायकों के साथ बातचीत कर इस मुद्दे का समाधान कर लिया है। चौधरी ने दीपावली की पूर्व संध्या पर बावे वाली माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी विधायकों के साथ चर्चा की है। उन्होंने कहा कि इस विवाद को आगे खींचने का कोई कारण नहीं है।

उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से जम्मू-कश्मीर के सामने मौजूद अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। इससे पहले शुक्रवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व ने श्रीनगर में असंतुष्ट विधायकों से मुलाकात की थी। पार्टी ने मतभेदों की अटकलों को ‘निराधार अफवाह’ बताते हुए खारिज कर दिया था।

यह बैठक कथित तौर पर मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिलने से नाराज पार्टी विधायकों को मनाने के लिए आयोजित की गई थी। उपमुख्यमंत्री ने कहा, “विधायकों के चेहरों के भाव से सब कुछ स्पष्ट हो जाता है। जब मेरे नेता, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर ली, तो बात वहीं खत्म हो गई।” उन्होंने मीडिया से जम्मू-कश्मीर से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान देने का आग्रह किया।

चौधरी ने सवाल किया कि क्या नेशनल कॉन्फ्रेंस से जुड़े विवादों को बार-बार प्रमुखता से दिखाने से बेरोजगारी की समस्या का समाधान होगा या दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने मीडिया के कुछ वर्गों पर जम्मू-कश्मीर के लोगों से जुड़े मुद्दों के बजाय राजनीतिक विवादों को अधिक तवज्जो देने का भी आरोप लगाया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़