समृद्ध पश्चिम बंगाल से ही पूरा होगा PM Modi का Viksit Bharat का सपना, बोले शुभेंदु अधिकारी

Suvendu Adhikari
प्रतिरूप फोटो
ANI

कोलकाता में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रध्वज फहराने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को विकसित पश्चिम बंगाल के जरिए हासिल किया जाएगा। उन्होंने राज्य को राष्ट्रवाद की भूमि बताते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, मातंगिनी हाजरा और खुदीराम बोस जैसी महान हस्तियों के योगदान को याद किया। इस अवसर पर आयोजित परेड में रंग-बिरंगी झांकियां निकाली गईं और पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान किए गए।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को समृद्ध पश्चिम बंगाल के जरिए साकार किया जाएगा। अधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस पर यहां राष्ट्रध्वज फहराने के बाद कहा कि पश्चिम बंगाल राष्ट्रवाद की भूमि है और मातंगिनी हाजरा एवं खुदीराम बोस जैसे स्वतंत्रता सेनानियों की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा, ‘‘2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने का हमारे प्रधानमंत्री का सपना उस वर्ष ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ के जरिए साकार होगा।’’ अधिकारी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पश्चिम बंगाल का शिल्पकार बताते हुए कहा कि राज्य उनके सपनों को पूरा करना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे दो महान व्यक्तित्व बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और रवीन्द्रनाथ टैगोर ने क्रमशः राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की रचना की, जिन्होंने पूरे देश में जोश भर दिया।’’ मुख्यमंत्री ने राष्ट्रध्वज फहराने से पहले सलामी गारद का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों को पदक प्रदान किए। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रगान के साथ यह गीत भी बजाया गया। इस अवसर पर कोलकाता पुलिस की परेड के बीच रंग-बिरंगी झांकियां ‘रेड रोड’ से गुजरीं।

इसे भी पढ़ें: West Bengal में 16 अगस्त से Ayushman Bharat योजना लागू होगी, 1.5 करोड़ परिवारों को फायदा

इनमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई झांकी भी शामिल थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़