पंजाब में प्रश्नपत्र लीक को लेकर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल का अरविंद केजरीवाल पर निशाना

Prabhasakshi Image

राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पंजाब में प्रश्नपत्र लीक मामलों को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में छह प्रमुख परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं लेकिन केजरीवाल इस पर चुप हैं। मालीवाल ने पंजाब के शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की भी मांग की है।

नयी दिल्ली, 28 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि पिछले पांच साल में पंजाब में छह प्रमुख परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, फिर भी केजरीवाल ‘‘खामोश’’ हैं। मालीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) को ‘आप’ की ‘‘बी टीम’’ करार देते हुए कहा कि इसका गठन केजरीवाल के सहयोगियों द्वारा किया गया है। संसद भवन परिसर में मालीवाल ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में आरोप लगाया कि पंजाब में पिछले पांच साल के दौरान छह प्रमुख परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब में पिछले पांच साल में छह प्रमुख परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और इसके अलावा कई परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। यहां तक कि 19 जुलाई को भी फार्मेसी परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई।’’ हालांकि, आम आदमी पार्टी ने पंजाब में प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को खारिज किया है। कॉजपा पर निशाना साधते हुए मालीवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने ‘‘कॉकरोच जनता पार्टी का गठन करवाया, और जब जवाबदेही पर सवाल उठते हैं तो दोनों चुप्पी साध लेते हैं।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘कॉजपा उनकी (आप) की ‘बी टीम’ है क्योंकि इसका गठन उनके सहयोगियों द्वारा और उनके वित्तपोषण से किया गया।

आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर कॉजपा के लिए एक बड़ा प्रचार अभियान चलाया है - यह हम सभी जानते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ वे यह सब करते हैं और दूसरी तरफ जब अपनी जवाबदेही की बात आती है, तो वे चुप्पी साध लेते हैं। न तो कॉजपा और न ही अरविंद केजरीवाल पंजाब में प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर बोलते हैं; वे इससे बच रहे हैं।’’ मालीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल लोगों को विभिन्न मुद्दों पर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए उकसाते हैं, लेकिन पंजाब में प्रश्नपत्र लीक का विरोध करने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया, ‘‘दिन भर नशे में रहने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री अप्रासंगिक और बेतुके बयान दे रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब के शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़