Faridabad के Surajkund Mela में टूटा झूला, Rescue Operation में बहादुर इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत

Surajkund Mela
प्रतिरूप फोटो
AI generated

हरियाणा के सूरजकुंड मेले में झूला टूटने के बाद हुए हादसे में लोगों की जान बचाते हुए निरीक्षक जगदीश प्रसाद का निधन हो गया। हरियाणा के डीजीपी ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए इसे पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपरा बताया और परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने शनिवार रात निरीक्षक जगदीश प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया। निरीक्षक प्रसाद शनिवार का सूरजकुंड मेला मैदान में झूला टूटने से हुए हादसे के दौरान लोगों को बचाने की कोशिश करते समय घायल होने के बाद निधन हो गया था। सिंघल ने मूलतः उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले निरीक्षक प्रसाद की मेले में ड्यूटी के दौरान उनकी असाधारण बहादुरी, समर्पण और मानवता के लिए सराहना की।

उन्होंने जोर देकर कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे हालातों के बावजूद, निरीक्षक प्रसाद ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा। सिंघल ने बताया कि अधिकारी की तत्परता और बहादुरी के कारण कई जीवन बचाए गए, जो पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है। शनिवार को लगभग छह बजे, फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले में एक झूला टूट कर गिर गया। उस समय ड्यूटी पर मौजूद निरीक्षक प्रसाद ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

हालांकि, दूसरों की मदद करते समय उन्हें गंभीर चोटें लगीं और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, डीजीपी सिंघल ने घोषणा की कि निरीक्षक प्रसाद के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि के साथ अन्य विभागीय लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा पुलिस परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़