Tamil Nadu Bypolls: Dharapuram में AIADMK आगे, Madurantakam में TVK को बढ़त

तमिलनाडु की धारापुरम विधानसभा सीट पर तीन दौर की मतगणना के बाद अन्नाद्रमुक प्रत्याशी के. भानुमति 8,244 मत पाकर शीर्ष पर पहुंच गईं। वहीं मदुरांतकम सीट पर टीवीके उम्मीदवार मरगथम कुमारवेल आगे चल रहे हैं और पुडुचेरी में एआईएनआरसी ने बढ़त बना रखी है।
चेन्नई, नौ अक्टूबर तमिलनाडु में छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को जैसे-जैसे आगे बढ़ी, शुरुआती दौर में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से पिछड़ रही अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने धारापुरम सीट पर बढ़त बना ली, जबकि मदुरांतकम सीट पर वह द्रमुक को पछाड़कर दूसरे स्थान पर आ गई। पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) लगातार कांग्रेस और द्रमुक प्रत्याशियों से आगे है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, तमिलनाडु में ईवीएम में दर्ज मतों की शुरुआती गिनती में दोनों सुरक्षित सीट पर सत्तारूढ़ टीवीके को शुरुआती बढ़त मिलने के संकेत मिले थे।
हालांकि, तीन दौर की मतगणना के बाद धारापुरम सीट पर अन्नाद्रमुक की के. भानुमति 8,244 वोट हासिल कर शीर्ष पर पहुंच गईं, जबकि टीवीके उम्मीदवार पी. सत्यभामा 7,434 मत के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गईं। द्रमुक की एस. सुगन्या 6,158 मत के साथ तीसरे स्थान पर पिछड़ रही थीं। वहीं, मदुरांतकम सीट पर टीवीके उम्मीदवार मरगथम कुमारवेल लगातार अपनी बढ़त बनाए हुए हैं।
दूसरे स्थान पर अन्नाद्रमुक की कनिथा संपत आ गई हैं, जबकि द्रमुक के आई. परंथामन तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। मदुरांतकम में दूसरे दौर की गिनती तकनीकी खराबी के कारण थोड़ी देर के लिए रुक गई थी, जिसे बाद में फिर शुरू कराया गया। पुडुचेरी के थट्टानचावाडी क्षेत्र में दो दौर की मतगणना के बाद सत्तारूढ़ एआईएनआरसी प्रत्याशी अशोक आनंद 6,950 वोट लेकर बढ़त बनाए हुए हैं।
यहां कांग्रेस के ई. विनायगम 2,392 मत और द्रमुक के के. सेथु सेल्वम 1,534 वोट के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। तमिलनाडु और पुडुचेरी के उपचुनाव न केवल सत्तारूढ़ टीवीके और एआईएनआरसी सरकारों के लिए, बल्कि विपक्षी दलों के लिए भी बेहद अहम माने जा रहे हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों के मौजूदा विधायकों के इस्तीफे के कारण उपचुनाव कराने पड़े।
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने मण्गलम सीट बरकरार रखते हुए थट्टानचावाडी सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा।
अन्य न्यूज़















