Karthigai Deepam विवाद पर Supreme Court पहुंची तमिलनाडु सरकार, स्तंभ पर दीप जलाने के HC आदेश पर रोक की मांग

Karthigai Deepam विवाद पर Supreme Court पहुंची तमिलनाडु सरकार, स्तंभ पर दीप जलाने के HC आदेश पर रोक की मांग
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तमिलनाडु सरकार ने मद्रास उच्च न्यायालय के उस आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है जिसमें तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर पाषाण स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी गई थी। राज्य सरकार का तर्क है कि यदि इस फैसले पर रोक नहीं लगी तो देश भर के हजारों सर्वेक्षण स्तंभ धार्मिक स्वरूप ले सकते हैं। दरगाह समिति ने भी दलील दी कि उच्च न्यायालय ने उनका पक्ष सुने बिना एकतरफा निर्णय दिया था।

तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में दलील दी कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दरगाह के पास स्थित एक पाषाण स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम दीपक जलाने की अनुमति देने से देश भर में हजारों सर्वेक्षण स्तंभ धार्मिक स्वरूप हासिल कर सकते हैं। मदुरै के जिलाधिकारी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ के समक्ष मद्रास उच्च न्यायालय के निर्देश पर रोक लगाने का अनुरोध करते हुए यह कहा। शंकरनारायणन ने कहा, एक राज्य के रूप में हमें डर है कि अगर इस फैसले पर रोक नहीं लगाई गई तो इन सभी स्तंभों को धार्मिक रंग दे दिया जाएगा और लोग ऐसी गतिविधियां शुरू कर देंगे।

अदालत के अधिकार क्षेत्र का विस्तार नहीं होना चाहिए, अन्यथा देश में हजारों सर्वेक्षण स्तंभ धार्मिक स्वरूप लेने लगेंगे। सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह समिति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने दलील दी कि उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने उन्हें उच्च न्यायालय के नियमों के अनुसार जवाब दाखिल करने के लिए पर्याप्त समय दिए बिना आदेश दे दिया। अहमदी ने कहा कि उच्च न्यायालय के एकल न्यायाधीश ने आदेश देने से पहले दरगाह को सूचना दिए बिना स्थल का दौरा किया था।

मामले में बृहस्पतिवार को भी सुनवाई जारी रहेगी। राज्य सरकार ने मंगलवार को तत्काल अंतरिम राहत का हुए कहा था कि इस साल 24 नवंबर को होने वाला कार्तिगई दीपम उत्सव नजदीक आ रहा है और यदि उच्च न्यायालय के निर्देश पर रोक नहीं लगाई गई तो विवादित स्थल पर दीपक जलाना होगा। राज्य सरकार की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप गुप्ता ने कहा था कि दीपाथून के नाम से जाने जाने वाले पाषाण स्तंभ पर औपचारिक दीपक जलाने की कोई स्थापित प्रथा नहीं है।

मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर विवाद इस बात पर केंद्रित है कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपम कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए। दशकों से पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में दीपम जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों ने पहाड़ी पर इससे ऊंचाई पर स्थित प्राचीन पत्थर के दीप स्तंभ दीपाथून पर दीपक जलाने की अनुमति मांगी थी।

यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़