Indo Israel की पहली सह-निर्मित एनीमेशन फिल्म तेल अवीव महोत्सव में प्रदर्शित हुई

भारत और इजराइल के सह-निर्माण में बनी पहली एनिमेटेड फिल्म 'अर्लेक्विनो एंड पिएरोट' को तेल अवीव के इंटरनेशनल फेस्टिवल फॉर एनिमेशन में प्रदर्शित किया गया। यह फिल्म दिवंगत कलाकार रेविटल ब्रोनस्टीन के ग्राफिक उपन्यास पर आधारित है, जिनकी आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। यह दोनों देशों के बीच एक नया रचनात्मक सहयोग है।
अर्लेक्विनो एंड पिएरोट एक छोटी एनिमेटेड फिल्म है, जो खुशमिजाज मसखरा अर्लेक्विनो और उदास मसखरा पिएरोट की दुखद प्रेम कहानी पर आधारित है। यह फिल्म दिवंगत रेविटल ब्रोनस्टीन के ग्राफिक उपन्यास पर बनी है तथा एक और रचनात्मक क्षेत्र में भारत एवं इजराइल के बीच सहयोग का प्रतीक है।
एनिमेटेड फिल्मों, धारावाहिकों और विज्ञापनों के निर्माण से संबंधित इजराइल के पुरस्कार विजेता एनिमेशन स्टूडियो ‘द हाइव स्टूडियो’ तथा भारत की ‘लाइव पिक्सल टेक्नोलॉजीज’ के सह-निर्माण में बनी ‘अर्लेक्विनो एंड पिएरोट’ बृहस्पतिवार शाम तेल अवीव में आयोजित इंटरनेशनल फेस्टिवल फॉर एनिमेशन, कॉमिक्स एंड कैरिकेचर में प्रदर्शित की गई। यह महोत्सव चार से आठ अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।
नेवी बर्ड के उपनाम से जानी जाने वाली रेविटल की अक्टूबर 2024 में 24 साल की उम्र में घर लौटते समय आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह अपने इस काम को एनिमेशन के रूप में देखने के अपने सपने को पूरा भी नहीं कर पाई थीं। ‘‘अतरंगी और काल्पनिक कॉमिक्स एवं ग्राफिक उपन्यासों की एक युवा कलाकार के रूप में पहचानी जाने वाली नेवी बर्ड के कामों में दो ग्राफिक उपन्यास शामिल हैं।
इनमें से पहला ‘‘अर्लेक्विनो एंड पिएरोट’’ है, जिसे एक वेबकॉमिक के रूप में पोस्ट किया गया है, और दूसरा ‘‘स्टिल अर्थ’’ है, जिसे उन्होंने खुद प्रकाशित किया था और विभिन्न सम्मेलनों एवं कॉमिक पुस्तकों की दुकानों पर बेचा था।
अन्य न्यूज़













