कांग्रेस और आप जैसे दलों की तुष्टिकरण नीति के कारण ही आतंकवाद को बढ़ावा मिलता है : चौहान

Shivraj Singh Chauhan
ANI Photo.

चौहान ने कहा, ‘‘कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे दलों के तुष्टिकरण को बढ़ावा देने की नीति के कारण ही आतंकवाद बढ़ता है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है। ये तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते हैं।’’

जबलपुर/ सिंगरौली (मप्र)|  मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) जैसे दलों के तुष्टिकरण को बढ़ावा देने की नीति के कारण ही देश में आतंकवाद बढ़ता है।

चौहान ने कहा, ‘‘कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे दलों के तुष्टिकरण को बढ़ावा देने की नीति के कारण ही आतंकवाद बढ़ता है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है। ये तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते हैं।’’ उन्होंने कहा, भाजपा, राष्ट्रवादी पार्टी है और राष्ट्रहित हमारे लिए सर्वोपरि है।

हम मध्य प्रदेश में आतंकवादी मानसिकता को कुचल देंगे, आतंकवादियों और आतंकवाद का खात्म करेंगे। जनता को सताने वाले, गुंडे,बदमाश, माफियाओं को किसी ​कीमत पर नहीं छोडेंगे, वहां केवल बुलडोजर चलेगा, यह भाजपा की सरकार है।

चौहान ने जबलपुर एवं सिंगरौली में इस महीने होने वाले नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करने के बाद जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। चौहान ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों की संरक्षक हैं। हम सभी धर्मों को समान मानकर उनका आदर और सम्मान करते हैं।

लेकिन एक बात साफ कह देना चाहता हूं, ‘‘मध्य प्रदेश की धरती पर आतंकवाद किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है। अगर आतंकवाद पैदा हुआ तो कांग्रेस के कारण पैदा हुआ।

कांग्रेस के तुष्टीकरण के कारण राजस्थान के उदयपुर में सरेआम एक व्यक्ति की गर्दन रेतकर हत्या की जाती है और ऐसी ही (गला काट कर हत्या करने की) खबरें उनकी सरकार रहते महाराष्ट्र से भी आती है।’’

चौहान ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जब हमारी सेना ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की, तो दिल्ली के मुख्यमंत्री हों या कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, इन सभी ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हुए सबूत मांगे थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज यदि कांग्रेस सत्ता में होती तो तुष्टीकरण होता, अन्याय होता, आतंकवाद होता और अत्याचार होता।’’ चौहान ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं। उनके दो-दो स्वास्थ्य मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल में हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़