Thane में Chhath Puja के दौरान झील में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत

Thane में Chhath Puja के दौरान झील में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

महाराष्ट्र के ठाणे में कलवा रेलवे स्टेशन के पास स्थित झील में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान एक 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप गुलाब विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो संभवतः पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका था। आपदा प्रबंधन कर्मियों ने टेलीस्कोपिक कैमरे की मदद से उसका शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान झील में डूबने से 20 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि यह घटना कलवा रेलवे स्टेशन के पास मफतलाल कंपाउंड के अंदर स्थित एक झील में हुई।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सुबह साढ़े छह बजे इस घटना की सूचना मिली। अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप गुलाब विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह भास्कर नगर की एक चॉल में रहता था।

वह छठ पूजा के लिए झील में उतरा था, लेकिन संभवतः पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और डूब गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन बल के कर्मी मौके पर पहुंचे। बचावकर्मियों ने युवक का पता लगाने के लिए पानी के भीतर इस्तेमाल होने वाला टेलीस्कोपिक कैमरा तैनात किया।

तडवी ने बताया कि सुबह सवा सात बजे तक शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल ले जाया गया। कलवा पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।

चार दिवसीय छठ पर्व 13 नवंबर से शुरू हुआ था। यह पर्व हिंदू कैलेंडर के कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाया जाता है, जो दिवाली के छह दिन बाद आती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़