नई सरकार के गठन पर होगी चर्चा, PM मोदी और अमित शाह से मिलने पहुंचे एन बीरेन सिंह

N Biren Singh
प्रतिरूप फोटो

पिछले चुनाव के ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए एन बीरेन सिंह ने मणिपुर में भाजपा की सरकार बनाई थी और पार्टी ने मौजूदा चुनाव भी उन्हीं के चेहरे पर लड़ा है। लेकिन अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि किसकी ताजपोशी होगी। ऐसे में एन बीरेन सिंह नई सरकार के गठन की चर्चा के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

नयी दिल्ली। मणिपुर के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह बुधवार को संसद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मुलाकात में नई सरकार के गठन पर चर्चा की जाएगी। आपको बता दें कि एन बीरेन सिंह ने 14 मार्च दिन सोमवार को 12वीं मणिपुर विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली है। 

इसे भी पढ़ें: चुनावी हार के बाद कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से सोनिया ने मांगा इस्तीफा 

भाजपा की हुई वापसी

मणिपुर के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 60 सीटों वाले पूर्वोत्तर राज्य में भाजपा को 32 सीटों मिली हैं। जबकि कांग्रेस को 5 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है। इस चुनाव में हिंगांग निर्वाचन क्षेत्र से एन बीरेन सिंह ने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी पी शरतचंद्र को 18,000 से अधिक वोट से हराया था।

कौन बनेगा मुख्यमंत्री ?

पिछले विधानसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए एन बीरेन सिंह ने मणिपुर में भाजपा की सरकार बनाई थी और पार्टी ने मौजूदा चुनाव भी उन्हीं के चेहरे पर लड़ा है। लेकिन अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि किसकी ताजपोशी होगी। ऐसे में एन बीरेन सिंह नई सरकार के गठन की चर्चा के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से मुलाकात के बाद वो कुछ अन्य नेताओं के साथ शिष्टाचार भेंट कर सकते हैं। 

इसे भी पढ़ें: 4 राज्यों के लिए भाजपा ने घोषित किए पर्यवेक्षक, अमित शाह जाएंगे यूपी तो राजनाथ संभालेंगे उत्तराखंड की जिम्मेदारी 

मणिपुर में भाजपा की वापसी के साथ ही मुख्यमंत्री पद को लेकर गुटबाजी शुरू हो गई है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और मुख्यमंत्री पद के एक और दावेदार थोंगम विश्वजीत सिंह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष चर्चा करने वाले हैं। ऐसा में देखना यह दिलचस्प होगा कि केंद्रीय नेतृत्व किस पर भरोसा जताता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़