Supreme Court के आदेश के बाद Thirupparankundram पहाड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी, सुरक्षा कड़ी

मदुरै में वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए मंगलवार को आवश्यक पारंपरिक तांबे का विशाल पात्र, रूई की बाती और घी भारी पुलिस पहरे में पहाड़ी पर पहुंचाए गए। शीर्ष अदालत ने अंतरिम व्यवस्था के तहत विवादित दीपथून पर केवल एक बार दीप प्रज्ज्वलित करने का निर्देश दिया है। अदालत ने साफ किया है कि इससे किसी को स्थायी पूजा अधिकार या भूमि का मालिकाना हक नहीं मिलेगा।
उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के बाद वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव के लिए प्रशासन और मंदिर के अधिकारियों द्वारा अंतिम तैयारियां पूरी किए जाने के बीच मंगलवार को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पवित्र दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए आवश्यक तांबे का पारंपरिक विशाल पात्र, रूई की बाती और घी मंगलवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पहाड़ी की चोटी पर पहुंचाया गया। आमतौर पर इन सामग्रियों का इस्तेमाल कर उचिपिल्लैयार मंदिर में विशाल दीप प्रज्ज्वलित किया जाता है।
इस वर्ष उच्चतम न्यायालय ने अंतरिम व्यवस्था के तहत केवल एक बार पहाड़ी की चोटी पर स्थित विवादित ‘दीपथून’ (पत्थर के स्तंभ) पर दीप प्रज्ज्वलित करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था से स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित करने का कोई स्थायी परंपरागत अधिकार प्राप्त नहीं होगा और न ही भूमि के स्वामित्व संबंधी दावों में कोई बदलाव आएगा। अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर में सुबह पारंपरिक रथयात्रा के साथ उत्सव की शुरुआत हुई।
मंदिर के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम छह बजे महा दीपम प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसके कुछ ही देर बाद पहाड़ी की तलहटी में स्थित 16 स्तंभों वाले मंडप के पास पारंपरिक ‘सोक्कप्पनाई’ (अलाव) प्रज्ज्वलित किया जाएगा।
अन्य न्यूज़














