तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश से जलभराव, BJP और CPM के बीच तीखा आरोप-प्रत्यारोप

Thiruvananthapuram Waterlogging
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद कई प्रमुख हिस्सों में पानी भर गया, जिसे लेकर भाजपा नीत नगर निगम और विपक्षी दल माकपा आमने-सामने आ गए हैं। महापौर वी वी राजेश ने जल निकासी की पुरानी खामियों और कचरे से बंद नालियों को जिम्मेदार ठहराया। वहीं पूर्व मंत्री वी शिवनकुट्टी ने निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश के बाद व्यापक जलभराव को लेकर शुक्रवार को भाजपा नीत नगर निगम और विपक्षी दल माकपा ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। दोनों पक्षों ने शहर की जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों पर सवाल उठाए। बृहस्पतिवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

महापौर वी वी राजेश ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। वह गोवा की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में छोड़कर लौटे थे। उन्होंने जलभराव के लिए असामान्य रूप से भारी बारिश को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि एक दिन में होने वाली बारिश महज एक घंटे में हो गई।

उन्होंने कहा कि शहर के उन इलाकों में भी पानी भर गया, जहां आमतौर पर जलभराव की समस्या नहीं होती क्योंकि नालियां सूखी पत्तियों और प्लास्टिक कचरे के कारण बंद हो गयी थीं। महापौर ने कहा कि शहर की नालियों इतनी भारी बारिश का पानी निकालने के लिए सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि नालियों के संकरे मुहाने छोटे जालों से ढके हुए हैं, जो कागज के एक-दो टुकड़ों से भी बंद हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान इस तरह की खामियों को दूर किया जाना चाहिए था। राजेश ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने एक घंटे के भीतर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि नगर निगम के कर्मचारियों की ओर से कोई लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शहर की सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम की है, जबकि अन्य एजेंसियों के अधीन आने वाली सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है। उन्होंने माकपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री वी शिवनकुट्टी की आलोचना को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि शहर की कई मौजूदा समस्याओं की जड़ें शिवनकुट्टी के महापौर रहने के कार्यकाल में हैं। महापौर ने कहा, उनकी विकृत सोच ने ही बुनियादी तौर पर इस शहर को बर्बाद किया है।

उनकी पार्टी ने 40 साल तक इस शहर पर शासन किया और इसे बर्बाद कर दिया इसलिए उन्हें आकर हमें उपदेश देने की जरूरत नहीं है। वहीं, शिवनकुट्टी ने नगर निगम पर सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति और बाढ़ नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार की बारिश के दौरान कई वार्ड जलमग्न हो गए, लेकिन नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी प्रभावित इलाकों का दौरा करने नहीं पहुंचा।

माकपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्थानीय स्वशासन मंत्री एम बी राजेश ने भी भाजपा नीत नगर निगम और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की आलोचना की। इस बीच, परिवहन मंत्री सी पी जॉन ने कहा कि वह आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ना चाहते। उन्होंने कहा कि अप्रत्याशित भारी बारिश के कारण हुए जलभराव के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़