New Delhi Railway Station पर चोरी के आरोप में 2 लोग गिरफ्तार, 1.51 लाख रुपये बरामद

दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो लाख रुपये नकद और चांदी की अंगूठियां चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को टैक्सी स्टैंड से पकड़ा और उनके पास से 1.51 लाख रुपये बरामद किए।
दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दो लाख रुपये नकद, चांदी की अंगूठियां और अन्य सामान चोरी होने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कथित रूप से 1.51 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने तीन सितंबर को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका बैग कथित रूप से चोरी हो गया है जिसमें दो लाख रुपए हैं। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें एक संदिग्ध चोरी का बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फुटेज और लगातार की गई जांच के आधार पर आरोपियों अश्विनी कुमार (33) और दिलीप राठौर (36) को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के ‘टैक्सी स्टैंड’ से पकड़ लिया गया।’’ उन्होंने बताया कि कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश में लूट और चोरी से जुड़े आठ मामले पहले से दर्ज हैं।
चोरी किया गया बाकी सामान बरामद करने के लिए जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













