केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय शिवपुरी प्रवास के दौरान लगभग 134 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ के पश्चात केंद्रीय मंत्री सिंधिया कोलारस विधानसभा क्षेत्र के भड़ौता पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में लगभग 39 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं में क्षेत्र की सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
शिवपुरी। स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय शिवपुरी प्रवास पर बुधवार देर रात पहुंचेंगे। इस प्रवास के दौरान वे शिवपुरी जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से लगभग 134 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। शिवपुरी, कोलारस और पिछोर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान एक दर्जन से अधिक सड़कों सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को मिलेगी।
चार दिनों के दौरान वे विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर विकास योजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे तथा नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
गुरुवार सुबह केंद्रीय मंत्री सिंधिया टूरिस्ट विलेज से प्रस्थान कर सुबह 10 बजे श्रीमंत माधवराव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचेंगे। यहां वे अंडर-18 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट तथा 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग) का शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर पर वे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। राष्ट्रीय एवं अंतरजिला स्तर की इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। खेल सुविधाओं के विस्तार और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण होगा।
खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ के पश्चात केंद्रीय मंत्री सिंधिया कोलारस विधानसभा क्षेत्र के भड़ौता पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में लगभग 39 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं में क्षेत्र की सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके पश्चात वे सिंघराई माता मंदिर पहुंचेंगे, यहाँ आयोजित कार्यक्रम में लगभग 14 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण करेंगे। इन कार्यों से स्थानीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास को गति मिलने की उम्मीद है। केलधार कपिल मुनि आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में 54 करोड़ की परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क संपर्क और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किए जाएंगे।
दिनभर के विकास कार्यक्रमों के पश्चात केंद्रीय मंत्री सिंधिया शिवपुरी स्थित नक्षत्र गार्डन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस दौरान वे युवाओं से संवाद कर उनके विचारों, आकांक्षाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रमों की शुरुआत रॉबर्टसन रोड पर आयोजित कार्यक्रम से होगी। इसके पश्चात वे फल मंडी का भ्रमण करेंगे और स्थानीय व्यापारियों एवं संबंधित लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के समीप रैन बसेरा निर्माण के लिए भूमिपूजन करेंगे। इस पहल से जरूरतमंदों, मरीजों के परिजनों और बाहर से आने वाले लोगों को आश्रय की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ेगा। शुक्रवार को ही केंद्रीय मंत्री सिंधिया पिछोर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां भी विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। क्षेत्र में सड़क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर इन कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चार दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन शनिवार को केंद्रीय मंत्री सिंधिया कोलारस में प्रस्तावित स्टेडियम का भूमिपूजन करेंगे। स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।
इसके पश्चात वे लोहादेवी मंदिर पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में लगभग 12 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।शनिवार देर शाम केंद्रीय मंत्री सिंधिया शिवपुरी से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
अन्य न्यूज़














