तकनीकी खराबी से US Flight System पांच घंटे ठप, 10 लाख से ज्यादा यात्री प्रभावित

अमेरिका में हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी के कारण देशभर में उड़ानों पर लगी करीब पांच घंटे की रोक हटा ली गई है। अधिकारियों के मुताबिक नई तकनीक जोड़ने से पुरानी प्रणाली पर अत्यधिक दबाव पड़ा, जिससे संचार और रडार सेवाएं बाधित हुईं। इस दौरान 3,000 से अधिक विमानों को सुरक्षित उतारा गया और किसी प्रकार के साइबर हमले के संकेत नहीं मिले हैं।
अमेरिका में हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण देशभर के हवाई अड्डों से ज्यादातर उड़ानों के रवाना होने पर शुक्रवार को लगाई गई रोक करीब पांच घंटे बाद हटा ली गई। अमेरिकी प्रशासन ने यह जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि अमेरिका की हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में नयी प्रौद्योगिकी जोड़े जाने से पुरानी प्रणालियों पर अत्यधिक दबाव पड़ने से संचार एवं रडार सेवाओं में रुक-रुककर बाधा आई और देशभर में उड़ानें रोकनी पड़ीं।
पिछले 25 वर्षों में यह पहला मौका था जब देशभर में उड़ानों पर इतनी लंबी रोक लगाई गई। अमेरिका के हवाई अड्डों से ज्यादातर उड़ानों के रवाना होने पर करीब पांच घंटे तक रोक लगी रही, जिसे शुक्रवार रात हटा लिया गया। इस रोक के कारण देशभर में हजारों उड़ानें और 10 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए।
देश के आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में पत्रकारों से कहा कि इस दौरान 3,000 से अधिक विमानों को सुरक्षित उतारा गया और किसी की जान को खतरा नहीं था। इस बीच, परिवहन मंत्री शॉन डफी ने कहा कि वह इस तरह की समस्या दोबारा नहीं होने की गारंटी नहीं दे सकते। मुलिन ने कहा कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ‘‘नये उपकरण और नयी प्रौद्योगिकी’’ का इस्तेमाल शुरू कर रहा था, जिससे ‘‘पुरानी प्रणाली पर अत्यधिक दबाव पड़ गया।’’ उन्होंने कहा कि साइबर हमले का कोई संकेत नहीं मिला है।
उड़ानों पर लगी रोक हटने के बाद शुक्रवार शाम सीमित संख्या में घरेलू उड़ानें रवाना होने लगीं, लेकिन बड़ी संख्या में विमानों और चालक दल के सदस्यों के निर्धारित स्थानों पर नहीं होने के कारण विमानन कंपनियों को अपनी सेवाएं पूरी तरह बहाल करने में कई दिन लग सकते हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ‘थैंक्सगिविंग’ के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों के यात्रा शुरू करने तक व्यवस्था सामान्य हो जाएगी। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद यह दूसरा मौका है जब देशभर में उड़ानें रोकी गई हैं।
इन हमलों के बाद इससे पहले जनवरी 2023 में एफएए की एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर प्रणाली में खराबी आने के कारण देशभर में उड़ानें रोकी गई थीं। यह पूछे जाने पर कि क्या साइबर हमले या कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की किसी प्रणाली के अनियंत्रित होने की आशंका से पूरी तरह इनकार किया जा सकता है, मुलिन ने कहा, ‘‘फिलहाल निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन ऐसा प्रतीत नहीं होता।’’ उन्होंने कहा कि किसी हमले के कोई संकेत नहीं मिले हैं और ऐसा लगता है कि समस्या तकनीकी खराबी के कारण उत्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि अधिकारी इसके कारणों का पता लगाने की अब भी कोशिश कर रहे हैं।
एफएए के देशभर में उड़ानें रोकने के आदेश के कारण कम से कम 827 उड़ान के मार्ग बदले गए। जिन हवाई अड्डों की ओर बड़ी संख्या में उड़ानें मोड़ी गईं, उनमें वाशिंगटन डलेस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सिनसिनाटी/नॉर्दर्न केंटकी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और नैशविल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। अमेरिका के पूर्वी मानक समयानुसार शाम चार बजे के बाद देश के हवाई अड्डों से लगभग 11,000 उड़ान रवाना होने वाली थीं, जिनमें 15 लाख से अधिक यात्रियों को सफर करना था।
डफी ने बताया कि जिस समय उड़ानों पर रोक लगाई गई, उस समय 3,500 विमान हवा में थे। उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार जब मैंने देखा तो हवाई क्षेत्र में 400 से भी कम विमान थे।’’ उन्होंने कहा कि हवाई यातायात सामान्य होने में समय लगेगा। उड़ानें बाधित होने के कारण नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (एनबीए), नेशनल हॉकी लीग (एनएचएल) और कॉलेज की खेल टीमें अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं।
वहीं, नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) की टीमों के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि क्या सप्ताहांत में होने वाले मैचों के लिए उनकी यात्रा से पहले समस्या का समाधान हो पाएगा। डफी ने कहा कि शनिवार को फुटबॉल मैचों के मद्देनजर ‘नेशनल कॉलेजिएट एथलेटिक एसोसिएशन’ (एनसीएए) की टीमों की उड़ानों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अन्य न्यूज़













