Varsha Gaikwad ने मुंबई की Local Trains में महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने लोकल ट्रेनों और स्टेशनों पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए हैं। पालघर के नायगांव स्टेशन पर छेड़छाड़ के बाद युवती को पटरी पर धकेलने की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने पीड़िता के पूर्ण इलाज और वित्तीय सहायता की मांग की।

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि महानगर में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने एक महिला पर बेरहमी से हमला किए जाने के बाद रेलवे स्टेशनों और लोकल ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। चार नवंबर को पड़ोसी पालघर जिले के नायगांव स्टेशन पर एक ट्रेन में कथित तौर पर छेड़छाड़ के बाद पटरी पर धकेले जाने से 20 वर्षीय महिला का एक हाथ कट गया था।

इस मामले में 53 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गायकवाड़ ने कहा कि रेलवे को पीड़िता को पर्याप्त आर्थिक सहायता देनी चाहिए और उसके इलाज का पूरा खर्च उठाना चाहिए। यहां संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की।

उन्होंने सवाल किया कि जब यह घटना हुई, तब रेलवे पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां क्या कर रही थीं। उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई में पिछले कुछ वर्षों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे झूठे हैं।

महिलाएं लोकल ट्रेनों में सफर करते समय भी सुरक्षित नहीं हैं।’’ गायकवाड़ ने दावा किया कि मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेनें अब ‘मौत की पटरी’ बनती जा रही हैं। उन्होंने लोकल ट्रेन के भीतर एक युवक की चाकू मारकर हत्या और रेलवे स्टेशनों के पास हमले की हालिया घटनाओं का जिक्र किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़