Burhan Wani को शहीद बताने पर भड़की VHP, पीडीपी नेता अब्दुल कबीर के निष्कासन की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आतंकी बुरहान वानी का महिमामंडन करने पर विश्व हिंदू परिषद ने पीडीपी नेता अब्दुल कबीर खान के निष्कासन की मांग उठाई है। विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल ने इस बयान को सैनिकों और मानवता का अपमान बताते हुए महबूबा मुफ्ती से माफी मांगने को कहा। किश्तवाड़ में यह विवादित टिप्पणी करने के बाद खान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी को ‘‘शहीद’’ बताने को लेकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता अब्दुल कबीर खान को पार्टी से निष्कासित किए जाने की शनिवार को मांग की। विहिप ने कहा कि खान की ‘‘आतंकवादी मानसिकता’’ है और उन्होंने निर्दोष लोगों का खून बहाने वाले मानवता के दुश्मनों का महिमामंडन किया है। खान को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान की गई टिप्पणी के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।

खान ने बुरहान वानी को ‘‘शहीद’’ कहकर विवाद खड़ा कर दिया था। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ नेताओं के मारे गए आतंकवादी के घर जाने और उसके परिवार को कथित तौर पर मुआवजा दिए जाने पर भी सवाल उठाए थे। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वानी को ‘‘शहीद’’ बताना ‘‘न केवल हमारे वीर सैनिकों का, बल्कि पूरी मानवता का अपमान है।’’ बंसल ने कहा, ‘‘जिस आतंकवादी ने कश्मीर घाटी को शर्मसार किया और अनेक निर्दोष लोगों की जान ली, उस चरमपंथी दरिंदे को शहीद बताकर उसका महिमामंडन देश का कोई गद्दार ही कर सकता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और उनके शीर्ष नेतृत्व को न केवल अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए, बल्कि पूरे देश से माफी भी मांगनी चाहिए।

साथ ही, ऐसे नेता को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए जो निर्दोष लोगों का खून बहाने वाले मानवता के दुश्मनों का महिमामंडन करने वाली आतंकवादी मानसिकता रखता हो।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़