Bastar में PMGSY के लिए CM Vishnu Deo Sai ने केंद्रीय मंत्री से मांगा विशेष प्रावधान

Bastar में PMGSY के लिए CM Vishnu Deo Sai ने केंद्रीय मंत्री से मांगा विशेष प्रावधान
प्रतिरूप फोटो

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बस्तर संभाग के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में विशेष प्रावधान करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने बस्तर में अरुणाचल प्रदेश की तर्ज पर 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की अनुमति मांगी है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में विशेष प्रावधान करने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में विशेष प्रावधान करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर सहित राज्य में ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर के कई गांव घने जंगलों, पहाड़ियों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में स्थित हैं।

वर्तमान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत केवल पांच सौ मीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक ‘क्लस्टर’ माना जाता है। इस व्यवस्था के कारण बस्तर के अनेक छोटे और दूरस्थ गांव सड़क सुविधा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि अरुणाचल प्रदेश की तरह बस्तर में भी 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक ‘क्लस्टर’ मानने की विशेष अनुमति दी जाए, ताकि अधिक से अधिक गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के दौर से निकलकर तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि विकास, सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला हैं।

इसलिए बस्तर की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जानी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़