West Bengal में कम दबाव Jharkhand खिसका, पुरुलिया समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को झारखंड की तरफ बढ़ गया, जिससे कोलकाता में स्थिति सुधरने की संभावना है। हालांकि पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम सहित राज्य के पश्चिमी जिलों में बुधवार सुबह तक मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान आसनसोल में सर्वाधिक 157 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कोलकाता में 59.8 मिमी वर्षा हुई।
पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को झारखंड की ओर बढ़ गया, जिससे कोलकाता और आस-पास के इलाकों में मौसम बेहतर होने की उम्मीद जगी है। एक दिन पहले शहर में लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि झारखंड की ओर बढ़ रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिमी जिलों- पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में बुधवार सुबह तक भारी बारिश होने के आसार हैं।
उसने अनुमान व्यक्त किया कि दक्षिण बंगाल के जिलों में एक या दो स्थानों पर बिजली चमकने तथा तेज आंधी के साथ वर्षा होने की संभावना है। सोमवार को कोलकाता और उससे सटे सॉल्ट लेक में भारी बारिश होने से कई मुख्य सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात जाम की समस्या हुई। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक, बीते 24 घंटों में 157 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, जो राज्य में सबसे ज्यादा वर्षा थी।
इसी दौरान कोलकाता में 59.8 मिमी और सॉल्ट लेक में 75.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। सूरी में 114 मिमी, मेदिनीपुर में 109.6 मिमी, कलाईकुंडा में 94 मिमी, डायमंड हार्बर में 84 मिमी, श्रीनिकेतन में 72 मिमी और झाड़ग्राम में 74.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून के प्रभाव से दार्जिलिंग, कलिमपोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जैसे उप-हिमालयी जिलों में 21 अगस्त की सुबह तक भारी बारिश होगी।
अन्य न्यूज़













