किसानों के कर्जों का एक बार में निबटारा कर देंगेः अमरिंदर
![](https://images.prabhasakshi.com/2016/8/2016_8$largeimg13_Aug_2016_104722170.jpg)
पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने वादा किया है कि अगर कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में आई तो किसानों के कर्ज एक बार में निबटा दिए जाएंगे।
नवांशहर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने वादा किया है कि अगर कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में आई तो किसानों के कर्ज एक बार में निबटा दिए जाएंगे। सिंह ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाएगी कि कर्ज में डूबे किसानों की संपत्तियां नीलाम नहीं की जाएं। कांग्रेस नेता ने पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि ये ‘‘अपनी नाकामियों के लिए दूसरे पर आरोप’’ लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने शुक्रवार को यहां ‘हल्के विच कैप्टन’ से इतर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘जैसे केजरीवाल अपनी तमाम नाकामियों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप डालने की कोशिश करते हैं, सुखबीर भी पंजाब में कानून-व्यवस्था की पूरी नाकामी के लिए आईएसआई पर आरोप मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।’’ सिंह ने कहा कि चुनाव घोषणापत्र टुकड़ों में नहीं तैयार किया जा सकता क्योंकि उचित कार्यान्वयन के लिए इसे समेकित करना और आपस में जोड़ना होता है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जब पंजाब में वह सत्ता में थे तो उनकी सरकार ने सभी किसानों के कर्ज माफ कर दिए थे जो उन्होंने सहकारी बैंकों से लिए थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्ज का निबटारा करने की प्रक्रिया में थी। उन्होंने कहा, ‘‘चुंकि कांग्रेस 2007 में हार गई, इसका निबटारा नहीं किया जा सका।’’
अन्य न्यूज़