CM Rekha Gupta को बांधी राखी, महिलाओं ने Delhi Lakshmi Yojana को सराहा

Prabhasakshi Image

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विभिन्न इलाकों से आई महिलाओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का अभिनंदन करते हुए उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान महिलाओं ने 1 अगस्त से शुरू की गई दिल्ली लक्ष्मी योजना की सराहना की, जिसके तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार के अनुसार शुक्रवार रात आठ बजे तक इस योजना के अंतर्गत 4.87 लाख से अधिक पंजीकरण पूरे हो चुके हैं।

नयी दिल्ली, सात अगस्त दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से आईं महिलाओं ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कलाई पर राखी बांधी और हाल में शुरू की गई दिल्ली लक्ष्मी योजना को महिलाओं के सम्मान एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में कदम बताया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन और रक्षाबंधन से पहले बड़ी संख्या में महिलाएं यहां जुटीं और मुख्यमंत्री को माला पहनाई।

आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए नयी योजना उनके आत्मविश्वास को मजबूत करेगी और परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। दिल्ली सरकार ने एक अगस्त को दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू की, जो पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह प्रदान करेगी। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार रात आठ बजे तक दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 4,87,181 पंजीकरण पूरे हो चुके थे, जबकि 1,99,679 महिलाओं ने सफलतापूर्वक अपना आवेदन जमा कर दिया था।

बयान के अनुसार, विधानसभा में महिलाओं को बधाई देते हुए गुप्ता ने कहा कि उनके द्वारा बांधी गई राखी केवल एक पवित्र धागा नहीं बल्कि विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की प्रत्येक बहन और बेटी की गरिमा, सुरक्षा और सशक्तीकरण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना एक वित्तीय सहायता योजना से कहीं अधिक है।

यह एक पहल है जिसका उद्देश्य महिलाओं के बीच सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रत्येक पात्र महिला को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से योजना का लाभ मिले। गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित कल्याणकारी पहल को लागू करना जारी रखेगी तथा यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी कि पात्र महिलाओं को उनका लाभ मिले।

All the updates here:

अन्य न्यूज़