यशवंत सिन्हा को नयी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाने की इच्छुक है AAP

yashwant-sinha-is-keen-to-make-a-candidate-from-new-delhi-lok-sabha-seat
[email protected] । Sep 24 2018 8:46PM

पार्टी सूत्रों के अनुसार नयी दिल्ली सीट से यशवंत सिन्हा और पश्चिमी दिल्ली सीट से भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को आप उम्मीदवार बनाना चाहती है और इस बाबत दोनों नेताओं के साथ आप नेतृत्व की बातचीत चल रही है।

नयी दिल्ली। आप पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्हा को नयी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने की संभावनायें तलाश रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार नयी दिल्ली सीट से यशवंत सिन्हा और पश्चिमी दिल्ली सीट से भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को आप उम्मीदवार बनाना चाहती है और इस बाबत दोनों नेताओं के साथ आप नेतृत्व की बातचीत चल रही है। 

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि यशवंत सिन्हा के साथ इस दिशा में बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। साथ ही शत्रुघ्न सिन्हा के साथ भी बातचीत हुयी है। उन्होंने बताया ‘‘हम चाहते हैं कि यशवंत सिन्हा नयी दिल्ली और शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिमी दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ें। लेकिन बिहार की पटना साहिब सीट से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अपनी परंपरागत सीट नहीं छोड़ना चाहते हैं।’’

उन्होंने बताया कि यशवंत सिन्हा से बातचीत चल रही है। कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर आप के एक अन्य नेता ने बताया कि पार्टी नेतृत्व दिल्ली की सात में से दो लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के साथ साझा उम्मीदवार उतारने तक संभावित गठबंधन को सीमित रखने का हिमायती है। 

उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उल्लेखनीय है कि आप ने नयी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीट को छोड़ कर पांच सीटों के लिये पार्टी संयोजक के रूप में संभावित उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़