Ayodhya में रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले माफी मांगकर आएं: Yogi Adityanath

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित 10वें दीपोत्सव के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संतों पर लाठीचार्ज कराने और रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले लोग पहले माफी मांगें, उसके बाद ही इस पावन नगरी में कदम रखें। यह टिप्पणी सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की पृष्ठभूमि में सामने आई है।

अयोध्या (उप्र), सात नवंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें माफी मांगने के बाद ही यहां आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में भगवान श्रीराम का राजतिलक करने के बाद अपने संबोधन में कहा, ‘‘जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, संतों पर लाठीचार्ज कराया और अयोध्या की उपेक्षा की, उन्हें अपने किए की माफी रामभक्तों और संतों से मांगने के बाद ही इस पवित्र नगरी में आना चाहिए।’’ मुख्यमंत्री का यह बयान समाजवादी पार्टी के एक विधायक द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद आया है कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिस अयोध्या में कभी श्रीराम का नाम लेने पर लाठियां और गोलियां चलती थीं, जहां राम के नाम पर प्रतिबंध लगाने का पाप किया जाता था और जिसे पूरी तरह उपेक्षित एवं अभिशप्त बना दिया गया था, आज वही अयोध्या त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करते हुए फिर से जीवंत हो उठी है।’’ योगी ने विपक्षी दलों के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग अयोध्या की गलियों को रक्तरंजित करते थे, आज वे भी अपना लोभ संवरण नहीं कर पा रहे हैं।

जब वे कथा में जाते हैं तो उन्हें यह भी पता नहीं रहता कि वहां कथा हो रही है या मुशायरा, लेकिन अपने उच्छृंखल आचरण के कारण वे उसे अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।’’ योगी ने ‘‘डबन इंजन’’ की सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में हुए विकास का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘जिन लोगों ने राम के अस्तित्व को नकारने का काम किया, आज उन्हें इतनी सद्बुद्धि आई है कि वे राम को स्वीकार कर रहे हैं।’’ भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा अब अयोध्या में कोई दंगा-फसाद करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़