पहले प्यार, फिर तकरार और आखिर में... रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए पार करने पड़ते हैं ये 7 पड़ाव

हर रिश्ता शुरुआती आकर्षण, कमियों की पहचान, कमिटमेंट, मतभेद, स्थिरता, भावनात्मक जुड़ाव और कठिन चुनौतियों जैसे सात पड़ावों से गुजरता है। रिश्ते को सफल बनाए रखने के लिए दोनों पार्टनर्स में आपसी समझदारी, बराबरी और भरोसा होना जरूरी है। मुश्किल दौर में खुला संवाद और एक-दूसरे का साथ ही रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत रखता है।
हर रिश्ता समय के साथ बदलता है। शुरुआत में जहां पार्टनर के लिए खूब आकर्षण और उत्साह होता है, वहीं कुछ समय बाद एक-दूसरे की आदतों और कमियों का पता चलने लगता है। इसके बाद रिश्ते में कई तरह की चुनौतियां भी आती हैं।
रिश्ते को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए दोनों पार्टनर को समझदारी और मेहनत की जरूरत होती है। कई बार कपल को समझ नहीं आता कि उनके रिश्ते में अचानक परेशानी क्यों बढ़ रही है। इसकी एक वजह रिश्ते का बदलता दौर भी हो सकता है। आइए जानते हैं रिश्ते के उन 7 पड़ावों के बारे में, जिनसे कई कपल गुजरते हैं।
पहला पड़ाव
यह रिश्ते की शुरुआत का दौर होता है। इस समय पार्टनर के प्रति काफी आकर्षण और उत्साह महसूस होता है। आप बार-बार उनके बारे में सोचते हैं और उनसे मिलने या बात करने का इंतजार करते हैं। इस दौरान पार्टनर की छोटी-छोटी बातें भी अच्छी लगती हैं। यही वह समय होता है, जब लोग इन भावनाओं को प्यार समझने लगते हैं। हालांकि, सिर्फ आकर्षण के दम पर कोई रिश्ता लंबे समय तक नहीं चल सकता।
इसे भी पढ़ें: जिगरी दोस्त को भी न बताएं ये 5 राज, वरना बाद में हो सकता है पछतावा
दूसरा पड़ाव
इस पड़ाव में प्यार की शुरुआती सपनों वाली दुनिया से बाहर निकलकर आप पार्टनर को असल रूप में समझने लगते हैं। आपको उनकी ऐसी आदतों और व्यवहार के बारे में पता चलता है, जो शायद आपको पसंद न आएं। जैसे उनका गुस्सा करना, पैसों को संभालने का तरीका, समय की अहमियत समझना और दूसरों से बात करने का अंदाज। यह रिश्ते की पहली बड़ी परीक्षा होती है। इस दौरान दोनों को समझना होता है कि क्या वे एक-दूसरे की खूबियों के साथ कमियों को भी स्वीकार कर सकते हैं।
तीसरा पड़ाव
इस पड़ाव में रिश्ता सिर्फ पसंद और आकर्षण तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दोनों पार्टनर एक-दूसरे के साथ रहने का फैसला करते हैं। कमिटमेंट का मतलब सिर्फ शादी या कोई कानूनी वादा करना नहीं है। इसका मतलब है कि आप अपने पार्टनर की खूबियों और कमियों को समझते हुए भी उनके साथ रिश्ता निभाना चाहते हैं। इस दौरान दोनों एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारी और भरोसे को मजबूत करते हैं।
चौथा पड़ाव
कमिटमेंट के बाद रिश्ते में एक नई चुनौती सामने आती है। इस दौरान दोनों के बीच जिम्मेदारियों, फैसलों और नियंत्रण को लेकर मतभेद हो सकते हैं। जैसे घर की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, बड़े फैसले कौन लेगा और पैसों से जुड़े मामलों में किसकी कितनी भूमिका होगी। अगर दोनों पार्टनर अपनी बात पर अड़े रहें और एक-दूसरे को समझने की कोशिश न करें, तो रिश्ता कमजोर पड़ सकता है। इसलिए इस पड़ाव में आपसी समझ और बराबरी बनाए रखना बहुत जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: स्कूलों में बढ़ रहे हैं बुलिंग के मामले, माता-पिता इन 6 संकेतों से पहचानें बच्चे की परेशानी
पांचवां पड़ाव
जो कपल चौथे पड़ाव की चुनौतियों को समझदारी से पार कर लेते हैं, वे रिश्ते में स्थिरता की ओर बढ़ते हैं। इस समय दोनों एक-दूसरे की आदतों, पसंद-नापसंद और व्यवहार को बेहतर तरीके से समझने लगते हैं। रिश्ते में भरोसा और भावनात्मक सुरक्षा बढ़ती है। अब दोनों हर छोटी बात पर बहस करने के बजाय मिलकर समस्याओं को सुलझाने की कोशिश करते हैं। रिश्ता एक टीम की तरह आगे बढ़ने लगता है।
छठा पड़ाव
यह रिश्ते का वह दौर है, जहां आकर्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी गहरा हो जाता है। दोनों पार्टनर एक-दूसरे के सामने अपनी भावनाएं खुलकर रख पाते हैं। वे अपनी परेशानियां, डर और खुशियां बिना किसी झिझक के साझा करते हैं। इस पड़ाव में शारीरिक नजदीकियों के साथ भावनात्मक समझ भी रिश्ते को मजबूत बनाती है।
सातवां पड़ाव
हर रिश्ते में एक ऐसा समय आ सकता है, जब जिंदगी की बड़ी परेशानियां सामने आती हैं। बीमारी, किसी करीबी का नुकसान, धोखा या कोई दूसरी बड़ी मुश्किल रिश्ते की परीक्षा ले सकती है। इस दौरान दोनों पार्टनर को तय करना होता है कि वे मुश्किलों का सामना एक-दूसरे के साथ मिलकर कैसे करेंगे। कुछ रिश्ते ऐसी परिस्थितियों के बाद और मजबूत हो जाते हैं, जबकि कुछ की नींव हिल जाती है। ऐसे समय में एक-दूसरे का साथ, भरोसा और खुलकर बातचीत करना बहुत जरूरी होता है।
अन्य न्यूज़













