Arshdeep Singh की ICC ODI Rankings में 12 पायदान की छलांग, अक्षर के साथ 19वें स्थान पर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष 20 में जगह बनाई है। अब वह अपने साथी अक्षर पटेल के साथ संयुक्त रूप से 19वें पायदान पर काबिज हैं। वहीं रोहित शर्मा फिसलकर पांचवें स्थान पर आ गए हैं, जबकि शुभमन गिल बल्लेबाजी चार्ट में शीर्ष पर बने हुए हैं।

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह बुधवार को जारी नवीनतम आईसीसी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में 12 स्थान की लंबी छलांग लगाकर टीम के अपने साथी अक्षर पटेल के साथ संयुक्त रूप से 19वें स्थान हैं। न्यूजीलैंड में पांच मैच की एकदिवसीय शृंखला के दौरान अर्शदीप ने शनदार प्रदर्शन किया। शृंखला के दौरान सिर्फ एक मैच खेलने वाले स्पिनर कुलदीप यादव आठ स्थान के नुकसान से 15वें स्थान पर खिसक गए।

गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में कोई भारतीय शामिल नहीं है। न्यूजीलैंड के खिलाफ शृंखला में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे रोहित शर्मा बल्लेबाजी रैंकिंग में एक स्थान के नुकसान से पांचवें पायदान पर हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल शीर्ष पर बरकरार हैं जबकि विराट कोहली भी तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज टॉम बेंटन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जिताने वाले शतक की बदौलत 34 स्थान की लंबी छलांग के साथ 13वें स्थान पर हैं। बेंटन ने एडीलेड में दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में 99 गेंद में 121 रन की पारी खेली थी जिससे इंग्लैंड ने तीन मैच की शृंखला 1-1 से बराबर कर दी थी। इस पारी की बदौलत वह करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करने में सफल रहे जबकि इंग्लैंड के चार बल्लेबाज शीर्ष 13 में शामिल हो गए।

इंग्लैंड के बेन डकेट हालांकि एक स्थान के नुकसान से सातवें पायदान पर हैं। उन्होंने भी दूसरे एकदिवसीय में 68 गेंद में 62 रन की पारी खेली थी। हैरी ब्रूक चार स्थान के नुकसान से 12वें पायदान पर हैं।

भारत के खिलाफ माउंट मोनगानुई में चौथे एकदिवसीय में 108 गेंद में 125 रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग 15 स्थान के फायदे से 30वें स्थान पर हैं। भारत ने एकदिवसीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के स्वदेश में सात साल से चले आ रहे अजेय अभियान पर रोक लगाई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़