Aryna Sabalenka को US Open Final में हराकर Elena Rybakina बनीं चैंपियन

Aryna Sabalenka
AI Image

अमेरिकी ओपन फाइनल में एरिना सबालेंका को एलेना रायबाकिना से हार मिली, जिससे उनका लगातार तीसरा खिताब जीतने का सपना टूट गया। मुकाबले में 35 गलतियां करने के कारण निराश सबालेंका ने कोर्ट पर रैकेट तोड़कर अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने अपने खेल पर असंतोष व्यक्त करते हुए अगले साल बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

एरिना सबालेंका ने अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खिताबी हैट्रिक पूरा करने का महत्वपूर्ण मौका गंवाने के बाद कोर्ट पर ही अपना गुस्सा उतारा। पिछले दो बार की चैंपियन सबालेंका ने गुस्से में गेंद को दर्शकों की तरफ मारा जिसके लिए उन्हें चेतावनी भी दी गई। उन्होंने खुद पर चिल्लाते हुए अपना पहला रैकेट जमीन पर पटका और फिर मैच खत्म होने के बाद दूसरे रैकेट को पूरी तरह से तोड़ दिया। सबालेंका को शनिवार को महिला एकल के फाइनल में एलेना रायबाकिना से 6-4, 5-7, 6-2 से हार का सामना करना पड़ा।

 इससे उनका लगातार तीन बार अमेरिकी ओपन जीतने वाली तीसरी महिला खिलाड़ी बनने का सपना चकनाचूर हो गया। सबालेंका ने दो घंटे 21 मिनट तक चले मुकाबले में खुद की गलतियों से जूझते हुए काफी निराशा व्यक्त की। सबालेंका ने कहा, ‘‘मैं अपना सारा गुस्सा और निराशा को कोर्ट पर ही निकालना चाहती थी। ग्रैंड स्लैम के फाइनल में हारने पर और लगातार तीसरी बार खिताब जीतने से नाकाम रहने पर अपनी भावनाओं पर काबू रखना बहुत मुश्किल होता है।’’ 

सबालेंका ने कहा कि अगर उन्होंने अपनी निराशा व्यक्त न की होती तो शायद उनका व्यवहार अच्छा न होता। पुरस्कार वितरण समारोह के कुछ ही मिनट बाद बेलारूस की 28 वर्षीय खिलाड़ी सबालेंका ने रायबाकिना की प्रशंसा की, लेकिन साथ ही उम्मीदों पर खरा न उतर पाने के लिए खुद को भी कोसा। 

उन्होंने कहा, ‘‘काश मैं थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर पाती, लेकिन मुझे लगता है कि अगले साल ऐसा हो जाएगा। मैं अपने खेल के स्तर से बिल्कुल भी खुश नहीं हूं।’’ अमेरिकी ओपन में लगातार चौथी बार फाइनल में खेलते हुए सबालेंका ने 35 ‘अनफोर्स्ड एरर’ (खुद गलतियां करना) किए। उनकी इन गलतियों ने मैच के परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़