Commonwealth Games: Asmita Day और Harsh Singh ने Judo में दिलाए दो Gold, PM Modi ने दी बधाई

Judo
Ani

हर्ष सिंह (60 किग्रा) और अस्मिता डे (48 किग्रा) ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीते, जिससे देश के स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई। इन शानदार जीतों ने ग्लासगो में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को उजागर किया है, जो भारत के लिए गर्व का क्षण है।

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) 2026 में शुक्रवार को भारत के पदकों की संख्या और बढ़ गई, जब जूडो खिलाड़ी हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में देश के लिए गोल्ड मेडल जीता। सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज़ को हराकर यह ऐतिहासिक गोल्ड मेडल हासिल किया। खास बात यह है कि उनकी जीत ठीक उस समय हुई जब अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में कनाडा की हेइडी क्वाच को हराकर गोल्ड मेडल जीता। सिंह की जीत के साथ ही, चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या बढ़कर 5 हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "भारतीय जूडो के लिए ऐतिहासिक दिन! गोल्ड मेडल जीतने पर हर्ष सिंह को बधाई। उनके शानदार प्रदर्शन में उनका जुनून और लगन साफ झलकती है। भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।" 

इससे पहले अरुंधति चौधरी ने 70 किग्रा वर्ग में मौजूदा चैंपियन वेल्स की रोजी एक्लेस को हराकर बड़ा उलटफेर किया जबकि विश्व चैंपियन जैस्मीन लंबोरिया (57 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और जादूमणि सिंह (पुरुषों के 55 किग्रा) ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत का दबदबा कायम किया। अरुंधति ने एक संघर्षपूर्ण और रोमांचक मुकाबले में रोजी एक्लेस को 4-0 के फैसले से हराया।भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआती दो राउंड में अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखा और इसी दौरान रोजी को ‘स्टैंडिंग काउंट’ का सामना भी करना पड़ा। अरुंधति ने पूरे मुकाबले में संयम बनाए रखा और प्रभावी पंच के दम पर गत चैंपियन पर बढ़त कायम रखी।

वहीं, रोजी वापसी की कोशिश करती रहीं, लेकिन भारतीय मुक्केबाज की मजबूत रणनीति के सामने वह सफल नहीं हो सकीं। जैस्मीन सेमीफाइनल में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) से जीत दर्ज की। लेसोथो की रापेलांग मासेलेला की उनकी प्रतिद्वंद्वी को दूसरे राउंड के अंतिम क्षणों में तीसरी बार स्टैंडिंग काउंट मिलने के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया। जैस्मीन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और अपनी तेज पंच की बौछार कर से प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज पर दबाव बनाए रखा। जादूमणि ने सेमीफाइनल में नामीबिया के पी पी एम हाओसेब को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़