World Cup: England और Ghana का मैच गोलरहित ड्रॉ, ग्रुप L में फंसा रोमांचक पेंच

England vs Ghana
ANI

इंग्लैंड और घाना के बीच विश्व कप का मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिससे ग्रुप एल की अंक तालिका में दोनों टीमें चार-चार अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं। इंग्लैंड ने मैच में 19 शॉट लगाकर दबदबा तो बनाया, लेकिन घाना की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही, जिससे ग्रुप की स्थिति और भी दिलचस्प हो गई है।

इंग्लैंड और घाना दोनों ने मैच के अंतिम क्षणों में गोल करने के लिए अपनी तरफ से पूरी जान लगा दी लेकिन इसके बावजूद यह मैच गोलरहित बराबरी पर छूटा जिससे विश्व का फुटबॉल के ग्रुप एल में स्थिति रोमांचक बन गई है। इंग्लैंड और घाना दोनों टीम के अब चार-चार अंक हो गए हैं। इंग्लैंड बेहतर गोल अंतर के कारण शीर्ष पर है। क्रोएशिया के तीन अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड ने मैच में दबदबा बनाए रखा।

उसने गोल पर 19 शॉट लगाए जबकि घाना एक बार ही ऐसा कर पाया। इंग्लैंड की टीम हालांकि अवसरों का फायदा नहीं उठा पाई। इंग्लैंड अभी तक कभी विश्व कप में अफ्रीका के किसी भी देश से नहीं हारा है। इंग्लैंड के मिडफील्डर जूड बेलिंघम ने कहा, ‘‘उनके रक्षात्मक खेल और रणनीति से थोड़ी निराशा हुई। उन्होंने अपनी पूरी ताकत गोल बचाने पर लगा दी थी और वह इसमें सफल रहे। गोल पर इतने अधिक शॉट लगाने के बावजूद जीत हासिल नहीं करना निराशाजनक है।’’ इससे पहले इन दोनों टीमों ने अपने शुरुआती मैच जीते थे।

घाना ने पनामा को 1-0 से और इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया था। इंग्लैंड अगला मैच शनिवार को ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में पनामा से खेलेगा जबकि घाना का मुकाबला भी उसी समय फिलाडेल्फिया में क्रोएशिया से होगा। इंग्लैंड के पास 86वें मिनट में बढ़त बनाने का मौका था जब निको ओरेली का हेडर क्रॉसबार से टकराया। हैरी केन के पास रिबाउंड आया लेकिन उनका शॉट गोल से ऊपर से बाहर चला गया।

घाना को गोल करने का सबसे अच्छा मौका 78वें मिनट में मिला जब अब्दुल फतावु ने इंग्लैंड के मिडफील्डर एबेरेची एज़े से गेंद छीनी और तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने गेंद प्रिंस अदू को दी लेकिन वह शॉट लगा पाते इससे पहले ही एज़री कोंसा ने पीछे से उन्हें रोक दिया। अदू ने पेनल्टी की मांग की लेकिन उन्हें पेनल्टी नहीं मिली।

घाना के कोच कार्लोस क्विरोज़ ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से पेनल्टी थी। हमें इसको लेकर कोई संदेह नहीं है।’’ पहले हाफ में इंग्लैंड ने गेंद पर 60 प्रतिशत कब्ज़ा किया था, लेकिन गोल पर केवल पांच प्रयास किए गए, जिसमें केन ने मध्यांतर से ठीक पहले बॉक्स के अंदर से गोल करने का मौका गंवा दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़