Formula 1: जैक डूहान बने हास एफ1 टीम के रिजर्व ड्राइवर, 2026 पर नजर

हास एफ1 टीम ने अपनी 2026 की तैयारियों को मजबूती देते हुए जैक डूहान को अपना नया रिजर्व ड्राइवर नियुक्त किया है। टीम प्रिंसिपल आयाओ कोमात्सु के अनुसार, डूहान का रेसिंग अनुभव टीम के लिए फायदेमंद होगा, खासकर नए नियमों के तहत कार विकसित करने में।
फॉर्मूला 1 में ड्राइवरों का सफर अक्सर उतार-चढ़ाव से भरा रहता है और ऑस्ट्रेलियाई रेसर जैक डूहान की कहानी भी इससे अलग नहीं है। पांच बार के 500cc मोटरसाइकिल वर्ल्ड चैंपियन मिक डूहान के बेटे जैक ने अब अपने करियर का नया मोड़ ले लिया है।
बता दें कि जैक डूहान 2023 और 2024 में अल्पाइन टीम के रिजर्व ड्राइवर रहे थे। इसके बाद उन्हें 2024 अबू धाबी ग्रां प्री से लेकर 2025 सीज़न की शुरुआती छह रेसों तक कुल सात रेसों के लिए रेस ड्राइवर के तौर पर मौका मिला था। हालांकि, इसके बाद उन्हें फिर से रिजर्व भूमिका में भेज दिया गया और फ्रैंको कोलापिंटो को टीम में शामिल किया गया।
गौरतलब है कि पिछले महीने डूहान और अल्पाइन टीम के बीच आधिकारिक तौर पर रास्ते अलग हो गए थे। अब, बहरीन में होने वाली प्री-सीज़न टेस्टिंग से पहले हास एफ1 टीम ने घोषणा की है कि जैक डूहान जापानी ड्राइवर र्यो हिराकावा के साथ टीम के रिजर्व ड्राइवर होंगे।
मौजूद जानकारी के अनुसार, जैक डूहान ने हास से जुड़ने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके फॉर्मूला 1 करियर को आगे बढ़ाने के लिए एक आदर्श मंच है। उन्होंने टीम को धन्यवाद देते हुए यह भी कहा कि वह 2026 की बड़ी चुनौती के लिए टीम के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं और जल्द ही काम शुरू करने के लिए तैयार हैं।
हास एफ1 टीम के प्रिंसिपल आयाओ कोमात्सु ने भी डूहान की नियुक्ति को अहम बताया है। उनके मुताबिक, जैक का रेसिंग अनुभव और फॉर्मूला 1 में रिजर्व ड्राइवर के तौर पर काम करने का अनुभव टीम के लिए फायदेमंद रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार रेस के लिए तैयार रहना और टीम की कार्यप्रणाली को समझते हुए खुद को फिट रखना किसी भी ड्राइवर के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, जिसे डूहान बखूबी निभा सकते हैं।
गौरतलब है कि हास टीम भी बाकी टीमों की तरह 2026 के कार प्रोजेक्ट पर लगातार काम कर रही है। टीम बहरीन में होने वाली पहली प्री-सीज़न टेस्टिंग के लिए तैयार है, जिसकी शुरुआत 11 फरवरी से होनी है। ऐसे में जैक डूहान की मौजूदगी को 2026 की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा हैं।
अन्य न्यूज़












