Saudi Pro League में हाई-वोल्टेज ड्रामा, Ronaldo ने पेनल्टी गंवाई, Al Nassr ने 3-1 से जीता मैच

Cristiano Ronaldo
प्रतिरूप फोटो
social media
Ankit Jaiswal । Mar 1 2026 9:50PM

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के पेनल्टी चूकने और एक आत्मघाती गोल से पिछड़ने के बावजूद, अल नासर ने सादियो माने के गोल की बदौलत सऊदी प्रो लीग में 3-1 से जीत दर्ज की। इस जीत ने अल नासर को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया, लेकिन रोनाल्डो की चोट खिताबी दौड़ में टीम के लिए एक बड़ा झटका हो सकती है।

शनिवार रात सऊदी प्रो लीग में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मौजूद जानकारी के अनुसार अल नासर एफसी ने एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए अल फायहा एफसी को 3-1 से हरा दिया। यह मुकाबला माजमाह स्पोर्ट्स सिटी स्टेडियम में खेला गया।

गौरतलब है कि अल नासर इस मैच में लगातार आठ जीत के सिलसिले के साथ उतरा था और शुरुआत से ही आक्रामक नजर आया। मैच के आठवें मिनट में मोहम्मद सिमाकन को पेनल्टी बॉक्स में गिराए जाने पर टीम को स्पॉट किक मिली। लेकिन स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस मौके को भुना नहीं सके और उनका शॉट बाएं पोस्ट के बाहर चला गया।

पहले हाफ के अतिरिक्त समय में अल फायहा ने बढ़त बना ली। राकान काबी के क्रॉस को क्लियर करने की कोशिश में अल नासर के डिफेंडर अब्दुलेलाह अल-अमरी से गेंद अपने ही जाल में चली गई। इस आत्मघाती गोल से घरेलू टीम को 1-0 की बढ़त मिल गई।

दूसरे हाफ में अल नासर ने दबाव और बढ़ाया। 72वें मिनट में सादियो माने ने किंग्सले कोमान के क्रॉस पर शानदार हेडर लगाकर स्कोर बराबर किया। इसके आठ मिनट बाद जोआओ फेलिक्स का लंबी दूरी का शॉट पोस्ट से टकराकर गोलकीपर ऑरलैंडो मोस्क्वेरा से लगते हुए नेट में चला गया, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्मघाती गोल माना गया।

85वें मिनट में सब्स्टीट्यूट अब्दुल्ला अल-हमदान ने आसान फिनिश के साथ टीम की जीत पक्की कर दी।

हालांकि जीत के बावजूद अल नासर के लिए चिंता की बात रोनाल्डो की फिटनेस रही। 41 वर्षीय खिलाड़ी को 81वें मिनट में हैमस्ट्रिंग में दिक्कत के चलते मैदान से बाहर जाना पड़ा और उन्हें उपचार लेते देखा गया।

इस जीत के साथ अल नासर 24 मैचों में 61 अंक लेकर फिर से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। टीम अब दूसरे स्थान पर मौजूद अल अहली से दो अंक आगे है। बता दें कि लीग खिताब की दौड़ में यह जीत निर्णायक साबित हो सकती है और आगे के मुकाबलों में रोनाल्डो की फिटनेस टीम के लिए अहम रहने वाली है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़