World U20 Championships में भारत ने जीते कुल तीन पदक, पूजा सिंह सातवें स्थान पर रहीं

अमेरिका के यूजीन में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय दल ने दो रजत और एक कांस्य पदक के साथ अपना सफर समाप्त किया। भाला फेंक खिलाड़ी आशीष यादव और ऊंची कूद के एथलीट बसंत कुमार मेघवाल ने भारत के लिए रजत पदक जीते, जबकि शाहनवाज खान ने लंबी कूद में कांस्य हासिल किया। अंतिम दिन एथलीट पूजा सिंह ऊंची कूद के फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं, जबकि महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम नौवें पायदान पर रही।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक ऊंची कूद की एथलीट पूजा सिंह उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं और फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं, जिससे भारत ने यहां विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप में तीन पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया। 19 वर्षीय पूजा केवल 1.84 मीटर की ऊंचाई ही पार कर सकीं, जो उनके सीनियर स्तर पर राष्ट्रीय रिकॉर्ड 1.93 मीटर से काफी कम है। वह तीन प्रयासों में 1.87 मीटर की ऊंचाई पार करने में नाकाम रहीं।
ऑस्ट्रेलिया की इज़ोबेल लुइसन-रो ने 1.92 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि हंगरी की लिलियाना बटोरी (1.90 मीटर) और स्पेन की ऐताना अलोंसो (1.90 मीटर) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए। पूजा ने मई में 1.93 मीटर के सीनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। वह सीनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता भी हैं।
इसे भी पढ़ें: Bhuvneshwar Kumar ने 2027 World Cup वापसी पर भरी हुंकार, बोले- पूरी तरह तैयार
भारतीय महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम फाइनल में नौवें और अंतिम स्थान पर रही। उसने तीन मिनट 45.28 सेकंड का समय लिया। टीम में भूमिका नेहते, ताहूरा खातून, तनु चौधरी और थिया अरुमुगम शामिल थीं।
इसे भी पढ़ें: 5 महीने से गायब मोजतबा खामनेई का कौन सा सरप्राइज वीडियो ईरान ने किया जारी, जानें इसमें क्या दिखा?
अमेरिका ने 3:29.15 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया (3:31.39 सेकंड) और ग्रेट ब्रिटेन (3:32.08 सेकंड) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए। भारत ने इस तरह से प्रतियोगिता में तीन पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया जिसमें दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। आशीष यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था।
इसके बाद बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत और शाहनवाज खान ने पुरुषों की लंबी कूद में कांस्य पदक जीता। भारत ने 2021 और 2022 में भी इस प्रतियोगिता में तीन पदक जीते थे जबकि 2024 में वह केवल एक पदक ही जीत पाया था।
अन्य न्यूज़













