भारतीय क्रिकेटरों ने दिल्ली में हिंसा की निंदा की, शांति और सौहार्द की अपील की

indian-cricketers-condemned-violence-in-delhi-appealing-for-peace-and-harmony
[email protected] । Feb 27 2020 9:01AM

मोहम्मद कैफ ने ट्वीट किया कि मानव जाति के इतिहास में कभी भी घृणा और हिंसा से घर नहीं बसे, बल्कि तबाही हुई है। हम इस दुनिया में सबसे जीवंत और विविध हैं। इसे अपनी ताकत की तरह इस्तेमाल कीजिए। कृपया... अपने बच्चों और भारत के भविष्य के लिए एकजुट रहिये।

नयी दिल्ली। भारत के पूर्व और सक्रिय क्रिकेटरों ने बुधवार को पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण करार करते हुए इनकी निंदा की और शांति की अपील की। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में जो कुछ हो रहा है, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी आप सभी से अपील है कि शांत रहें और दिल्ली में शांति बनाये रखिये। किसी को भी चोट या नुकसान पहुंचाना इस महान देश की राजधानी पर दाग है। मैं सभी के लिए शांति और एकता की अपील करता हूं।’’

युवराज सिंह ने कहा, ‘‘दिल्ली में क्या हो रहा है, यह दिल तोड़ने वाला है। मेरी सभी से गुजारिश है कि कृपया शांति और सौहार्द बनाये रखें। उम्मीद है कि अधिकारी इस तरह की स्थिति को रोकने के लिए सही कदम उठायेंगे। अंत में हम सभी इंसान हैं। हमें एक-दूसरे से प्यार और सम्मान की जरूरत है।’’ भारतीय उप कप्तान रोहित शर्मा ने उम्मीद जतायी कि राष्ट्रीय राजधनी में स्थिति सामान्य हो जायेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली में यह सब अच्छा नहीं है। उम्मीद करता हूं कि जल्द ही चीजें सामान्य हो जायेंगी। ’’

हरभजन सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘अपने ही अपनों को क्यूं मार रहे हैं??? मेरी आप सभी लोगों से प्रार्थना है कि कृपया एक-दूसरे को नुकसान मत पहुंचाइये। ’’मोहम्मद कैफ ने ट्वीट किया, ‘‘मानव जाति के इतिहास में कभी भी घृणा और हिंसा से घर नहीं बसे, बल्कि तबाही हुई है। हम इस दुनिया में सबसे जीवंत और विविध हैं। इसे अपनी ताकत की तरह इस्तेमाल कीजिए। कृपया... अपने बच्चों और भारत के भविष्य के लिए एकजुट रहिये।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़