IOA Athletes Commission चुनाव: 34 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में PV Sindhu और हरमनप्रीत सिंह शामिल

भारतीय ओलंपिक संघ के खिलाड़ी आयोग चुनाव के लिए 17 राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधियों की 34 सदस्यीय सूची जारी कर दी गई है। इस निर्वाचक मंडल से 2026-2030 के कार्यकाल के लिए पांच पुरुष और पांच महिला समेत 10 सदस्यों का चुनाव होगा। वहीं मैरीकॉम और शरत कमल को इस बार नामांकित नहीं किया गया है।
एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ट्रैप निशानेबाज नीरू ढांडा, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू, दिग्गज भारोत्तोलक मीराबाई चानू और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को उनके संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) ने तीन नवंबर को होने वाले भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के खिलाड़ी आयोग चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल का सदस्य नामित किया है। आईओए द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारी संजय के श्रीवास्तव ने शुक्रवार को 34 सदस्यीय निर्वाचक मंडल की सूची जारी की। इसमें 17 राष्ट्रीय खेल महासंघों के दो-दो प्रतिनिधि शामिल हैं।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ), अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए), भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) और टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं है। सिंधू और मीराबाई निवर्तमान आईओए खिलाड़ी आयोग की सदस्य थीं। मौजूदा आईओए खिलाड़ी आयोग की अध्यक्ष और दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम तथा उपाध्यक्ष एवं टेबल टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी अचंत शरत कमल को इस बार निर्वाचक मंडल के लिए नामित नहीं किया गया है।
ऐसे में वे 2026-2030 के कार्यकाल के लिए खिलाड़ी आयोग का हिस्सा नहीं होंगे। सितंबर में अनुमोदित आईओए खिलाड़ी आयोग के नियमों के नियम 10.3 के अनुसार, निर्वाचक मंडल के दो सदस्यों-एक पुरुष और एक महिला-को संबंधित एनएसएफ के खिलाड़ी आयोग के माध्यम से नामित किया जाना चाहिए। ये खिलाड़ी उस खेल का प्रतिनिधित्व करने वाले होने चाहिए जिसके लिए संबंधित महासंघ आईओए से संबद्ध है।
नियमों में कहा गया है, ‘‘केवल उन्हीं एनएसएफ सदस्यों को अपने संबंधित खिलाड़ी आयोगों के माध्यम से खिलाड़ियों के प्रतिनिधि नियुक्त करने की अनुमति होगी जिन्होंने खिलाड़ी आयोग गठित किया है।’’ एआईएफएफ के पास निर्वाचित खिलाड़ी आयोग नहीं है जबकि बीएफआई को आईओए और खेल मंत्रालय दोनों से मान्यता प्राप्त नहीं है। नीरू और स्वप्निल कुसाले को आईओए खिलाड़ी आयोग के निर्वाचक मंडल में शामिल किया गया है जबकि भारतीय भारोत्तोलन महासंघ ने मीराबाई चानू और भारतीय कुश्ती महासंघ ने अमन सहरावत को अपना प्रतिनिधि चुना है। हॉकी इंडिया ने तीन नवंबर को होने वाले चुनाव में आईओए खिलाड़ी आयोग के सदस्यों के चयन के लिए पुरुष टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और महिला टीम की कप्तान सलीमा टेटे को अपना प्रतिनिधि नामित किया है।
भारतीय बैडमिंटन संघ ने श्रीकांत और पीवी सिंधू को जबकि भारतीय तलवारबाजी संघ ने भवानी देवी को नामित किया है। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने सुधा सिंह और तेजिंदरपाल सिंह तूर को अपना प्रतिनिधि चुना है। आईओए खिलाड़ी आयोग के 2026-2030 कार्यकाल के लिए 10 सदस्यों-पांच पुरुष और पांच महिला-का चुनाव 34 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में से किया जाएगा।
चुनाव लड़ने के इच्छुक खिलाड़ियों को 21 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करना होगा।
अन्य न्यूज़













