WWE में AJ Styles का सफर खत्म? Gunther से हार के बाद Retirement पर गहराया सस्पेंस

WWE सुपरस्टार एजे स्टाइल्स का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है, सऊदी अरब में गंथर से हार के बाद उनके रिटायरमेंट की अटकलें तेज हो गई हैं। स्टाइल्स के रिंग में मिले-जुले संकेतों और WWE के भीतर चल रहे मतभेद के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि यह उनके करियर का अंत है या एक नई शुरुआत।
एजे स्टाइल्स लंबे समय से अपने करियर के अंतिम दौर की ओर बढ़ते दिख रहे थे, लेकिन सऊदी अरब के रियाद में गंथर के खिलाफ हुए मुकाबले के बाद रिटायरमेंट को लेकर सस्पेंस और गहरा गया। मुकाबले में स्टाइल्स ने जबरदस्त जज्बा दिखाया, लेकिन अंत में स्लीपर होल्ड में बेहोश हो जाने के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
बता दें कि गंथर वही सुपरस्टार हैं, जिन्होंने इससे पहले जॉन सीना को भी हार के साथ विदा किया था। ऐसे में स्टाइल्स के खिलाफ यह मैच भी बेहद कठोर और शारीरिक रूप से थकाने वाला रहा है। स्टाइल्स ने पूरी ताकत झोंकी, लेकिन टैप आउट करने से इनकार करते हुए आखिरकार होश खो बैठे।
गौरतलब है कि एजे स्टाइल्स पहले ही सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि 2026 उनका डब्ल्यूडब्ल्यूई में आखिरी साल हो सकता है। मौजूद जानकारी के अनुसार, रॉयल रंबल 2026 के आसपास उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो रहा है, जिससे यह मुकाबला उनके करियर का अंतिम बड़ा मैच माना जाने लगा था।
हालांकि, अब रेसलवोट्स की रिपोर्ट ने इन अटकलों को नया मोड़ दे दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक डब्ल्यूडब्ल्यूई खुद इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है कि एजे स्टाइल्स का रिटायरमेंट किस रूप में होगा। कंपनी के भीतर उनके भविष्य को लेकर मतभेद बताए जा रहे हैं।
मैच के बाद स्टाइल्स ने जब अपने ग्लव्स उतारकर रिंग में छोड़ने का इशारा किया और फिर उन्हें वापस पहनकर बाहर चले गए, तो फैन्स के बीच यह संकेत माना गया कि शायद यह विदाई नहीं है। रियाद के दर्शकों ने भी ‘थैंक यू स्टाइल्स’ के नारों के साथ उन्हें सम्मान दिया।
सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई फैन्स ने स्टाइल्स को अब तक के सबसे बेहतरीन रेसलर्स में से एक बताया है और कहा है कि आधुनिक रेसलिंग पर उनकी गहरी छाप है। इन हालात में एजे स्टाइल्स का भविष्य अभी खुला हुआ है और उनकी कहानी पूरी तरह खत्म हुई है, ऐसा कहना फिलहाल जल्दबाज़ी होगा।
अन्य न्यूज़












