Wimbledon से पहले Tennis जगत को बड़ा झटका, Injury के कारण Carlos Alcaraz टूर्नामेंट से बाहर

Carlos Alcaraz
प्रतिरूप फोटो
X @AustralianOpen
Ankit Jaiswal । May 20 2026 10:36PM

कलाई की गंभीर चोट के चलते कार्लोस अल्काराज़ ने विंबलडन और क्वींस क्लब टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है, जिससे टेनिस जगत में निराशा है। विशेषज्ञों के अनुसार, चोट की संवेदनशीलता को देखते हुए उनकी टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती, जिससे उनके पूरे ग्रास कोर्ट सत्र पर असर पड़ा है।

टेनिस जगत में कार्लोस अल्काराज़ को इस समय सबसे आक्रामक और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिना जाता है, लेकिन इस बार उनकी चोट ने पूरे सीजन की तस्वीर बदल दी है। स्पेन के युवा स्टार खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ ने आधिकारिक तौर पर विंबलडन 2026 से नाम वापस लेने का ऐलान कर दिया है। बता दें कि वह पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के दौरान दाहिने हाथ की कलाई में चोट लगने के बाद से कोर्ट से बाहर चल रहे हैं।

मौजूद जानकारी के अनुसार, अल्काराज़ को यह चोट टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में महसूस हुई थी। दर्द बढ़ने के बाद उन्हें दूसरे दौर का मैच बीच में छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पूरे क्ले कोर्ट सत्र से दूरी बना ली थी, जिसमें फ्रेंच ओपन भी शामिल रहा है।

कार्लोस अल्काराज़ ने सामाजिक मंच पर जारी बयान में कहा कि उनकी रिकवरी अच्छी चल रही है और अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं, लेकिन अभी प्रतिस्पर्धी मुकाबले खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। इसी वजह से उन्होंने क्वींस क्लब और विंबलडन जैसे बड़े घास कोर्ट टूर्नामेंट से हटने का फैसला लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि ये दोनों प्रतियोगिताएं उनके लिए बेहद खास हैं और उन्हें इन्हें मिस करने का दुख रहेगा है।

गौरतलब है कि अल्काराज़ पिछले साल रोलां गैरो के चैंपियन रहे थे। उन्होंने फाइनल में इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनर को हराकर खिताब जीता था। वहीं विंबलडन में भी वह दो बार चैंपियन बन चुके हैं। पिछले वर्ष वह फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन वहां यानिक सिनर ने उन्हें चार सेटों में हराया था।

विशेषज्ञों का मानना है कि टेनिस खिलाड़ियों के लिए कलाई की चोट बेहद संवेदनशील मानी जाती है क्योंकि लगातार तेज शॉट खेलने से इस हिस्से पर काफी दबाव पड़ता है। अगर खिलाड़ी जल्दबाजी में वापसी करते हैं तो चोट लंबे समय तक परेशान कर सकती है। इसी वजह से अल्काराज़ की टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है।

अल्काराज़ के बाहर होने के बाद अब दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर की दावेदारी काफी मजबूत मानी जा रही है। बता दें कि सिनर हाल ही में इटालियन ओपन जीत चुके हैं और लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने लगातार 29 मुकाबले जीतकर टेनिस जगत में अपना दबदबा कायम किया हुआ है।

 

फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि स्पेन का यह युवा खिलाड़ी आखिर कब पूरी तरह फिट होकर कोर्ट पर वापसी करता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़