Jaipal Malviya ने निशानेबाजी में भारत को दिलाया 2028 Olympic का पहला कोटा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी जयपाल मालवीय ने दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए 2028 ओलंपिक कोटा हासिल किया है। मिट्टी की मूर्तियां बनाने वाले परिवार से आने वाले जयपाल ने पुरानी पिस्टल की मदद से यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि ओलंपिक में भाग लेने के लिए उन्हें आगामी चयन ट्रायल्स में भी सफल होना होगा।

.... अजय मसंद ... नयी दिल्ली, 10 नवंबर किसान परिवार की सादगी और संघर्षों के बीच पले-बढ़े 31 वर्षीय जयपाल मालवीय ने अपनी मेहनत और निशानेबाजी के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए 2028 ओलंपिक का पहला कोटा हासिल कर देश को बड़ी सफलता दिलाई। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के एक छोटे से गांव से निकलकर दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप तक का उनका सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। ओलंपिक कोटा हासिल करने के बावजूद खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें चयन ट्रायल की कसौटी पर खरा उतरना होगा।

उनकी सफलता की कहानी इसलिए भी खास है कि जिस वक्त दोहा में वह देश के लिए ओलंपिक कोटा जीतकर जश्न मना रहे थे, उसी वक्त छिंदवाड़ा स्थित उनके घर में परिवार के सदस्य त्योहार के लिए मां लक्ष्मी की मूर्तियां गढ़ने में जुटे थे। पीढ़ियों से देवी-देवताओं की मूर्तियां बनाने वाले इस परिवार के बेटे ने अब अपनी प्रतिभा से देश के खेल इतिहास में एक नई पहचान गढ़ दी है। मालवीय ने कहा, ‘‘हम प्रजापति कुम्हार समाज से हैं।

हमारे परिवार का मुख्य काम दुर्गा, लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्तियां बनाना है। त्योहार का समय होने के कारण परिवार के ज्यादातर लोग मां लक्ष्मी की मूर्तियां बनाने में लगे हुए थे। यही हमारी रोजी-रोटी का बड़ा साधन है।’’ मूर्तियां बनाने के साथ खेती भी उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख जरिया है।

आठ भाई-बहनों (पांच भाई और तीन बहनें) में सबसे छोटे मलवीय भी परिवार के साथ खेती में हाथ बंटाते हैं। मालवीय के लिए बचपन में निशानेबाजी का मतलब गांव के मेलों में ‘एयरगन’ या छोटी राइफल से गुब्बारे फोड़ना था। उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं थी कि निशानेबाजी एक खेल भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे निशानेबाजी के भविष्य के बारे में कुछ नहीं पता था। गांव के मेले में जब लोगों को एयरगन और राइफल से गुब्बारे फोड़ते देखता था, तो मुझे भी यह खेल अच्छा लगता था।’’ उन्होंने बताया, ‘‘जब मैं पहली बार अकादमी गया तो मुझे लगा कि यहां भी वैसा ही खेल होता है, जैसा गांव के मेले में खेला करता था। मैंने सोचा कि इसे मनोरंजन के लिए कर सकता हूं।’’ उनके गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर छिंदवाड़ा में स्थित निशानेबाजी अकादमी ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।

उन्होंने हालांकि बंदूक पहली बार एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) के प्रशिक्षण के दौरान पकड़ी थी। वर्ष 2016 से 2018 के बीच राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई के साथ उन्होंने एनसीसी का प्रशिक्षण लिया। इस दौरान उन्होंने ‘सी’ प्रमाणपत्र हासिल किया और अल्फा ग्रेडिंग के साथ अपनी बटालियन में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

एनसीसी में उनके शानदार प्रदर्शन से प्रशिक्षण देने वाले सेना के अधिकारी भी काफी प्रभावित हुए। मालवीय ने कहा, ‘‘एनसीसी में हमें पढ़ाने वाले कर्नल चाहते थे कि अगले दो साल के भीतर मैं सेना में शामिल हो जाऊं। लेकिन कोरोना महामारी आ गई।

सेना की भर्तियां रुक गईं और मैं सेना की परीक्षाओं की तैयारी भी नहीं कर पाया। इस तरह वह सपना पूरा नहीं हो सका।’’ उन्होंने अकादमी के दोस्तों की सलाह मानकर 2021 में राज्य चैंपियनशिप में भाग लिया और कांस्य पदक जीत लिया। इसके बाद 2022 में उन्होंने केरल में आयोजित जीवी मावलंकर ‘प्री-नेशनल चैंपियनशिप’ में हिस्सा लिया।

यहां अच्छा प्रदर्शन कर उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया और ग्रुप-बी की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। निशानेबाजी महंगे खेलों में शामिल है और एनसीसी में मिले प्रशिक्षण की वजह से उन्हें शुरुआती अनुभव हासिल करने के लिए ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़े। साल 2022 में जब उन्होंने ‘सेकंड हैंड (पुरानी)’ पिस्टल खरीदने का फैसला किया तो पैसों की कमी आड़े आ गई।

ऐसे में गांव के दोस्तों ने उनकी मदद की और करीब एक लाख रुपये उधार दिए। मालवीय के मुताबिक, ‘‘मैंने अपने दोस्तों से पैसे उधार लिए। यह मेरी खुशकिस्मती थी कि उन्होंने मेरी मदद की।

मैंने 2022 में जो सेकंड हैंड पिस्टल खरीदी थी, उसी से दोहा में निशानेबाजी की और रजत पदक जीतने के साथ भारत के लिए ओलंपिक कोटा भी हासिल किया।’’ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका इसी साल मिला। जुलाई में चीन के हांगझोऊ में आयोजित विश्व कप उनकी पहली विदेश यात्रा और पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। उन्होंने प्रतियोगिता में शीर्ष आठ निशानेबाजों में जगह बनाई, लेकिन बाद में पता चला कि उनका नाम केवल रैंकिंग अंक (आरपीओ) श्रेणी में दर्ज है।

इस वजह से वह फाइनल में हिस्सा नहीं ले सके। इस अनुभव से उन्हें अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी की बारीकियां समझने का मौका मिला। दोहा में विश्व चैंपियनशिप के दौरान उन्हें यह भी पता चला कि देश के लिए ओलंपिक कोटा जीतना और ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना दो अलग-अलग बातें हैं।

मालवीय ने कहा, ‘‘मुझे पिछले तीन-चार दिनों में ही पता चला है कि जो निशानेबाज देश के लिए ओलंपिक कोटा हासिल करता है, जरूरी नहीं कि वही ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व भी करे। ओलंपिक टीम के चयन के लिए अलग से ट्रायल होते हैं।’’ मालवीय के संघर्ष और कामयाबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जुलाई में हांगझोऊ जाने के लिए जब उन्होंने पहली बार विमान में सफर किया, तब तक उन्होंने कभी हवाई यात्रा नहीं की थी। विश्व चैंपियनशिप के लिए दोहा जाना उनकी दूसरी विदेश यात्रा थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़