Kylian Mbappé के 'चौथे स्ट्राइकर' वाले बयान पर कोच हैरान, बोले- मैंने ऐसा कभी नहीं कहा

Kylian Mbappe
Instagram @k.mbappe

रियाल मैड्रिड में काइलिन एमबाप्पे और कोच अल्वारो अर्बेलोआ के बीच मतभेद सामने आया है, जहाँ एमबाप्पे ने दावा किया कि उन्हें टीम का चौथा स्ट्राइकर बताया गया है। कोच अर्बेलोआ ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कभी नहीं कहा और यह एक गलतफहमी हो सकती है।

काइलिन एमबाप्पे गुरुवार को रियाल मैड्रिड के ओविएडो के खिलाफ स्पेनिश लीग फुटबॉल मैच में शुरुआती लाइनअप में जगह न मिलने के बाद कहा कि कोच अल्वारो अर्बेलोआ ने उनसे कहा कि वह टीम के चौथी पसंद के स्ट्राइकर हैं। अर्बेलोआ ने हालांकि एमबाप्पे की बात पर हैरानी जताई और कहा कि उन्होंने कभी इस तरह की बात नहीं की थी और वह नहीं जानते कि फ्रांस के इस फुटबॉलर को ऐसा क्यों लग रहा है। एमबाप्पे बाएं पांव में हैमस्ट्रिंग में खिंचाव से परेशान थे लेकिन उन्होंने कहा कि वह ओविएडो के खिलाफ शुरू से खेलने के लिए तैयार थे, लेकिन अर्बेलोआ ने उन्हें मौका नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरी तरह से फिट हूं लेकिन मैं इसलिए नहीं खेला क्योंकि कोच ने मुझसे कहा कि मैं टीम में (फ्रेंको) मास्टांटुओनो, विनी (विनीसियस जूनियर) और गोंज़ालो (गार्सिया) के बाद चौथी पसंद का स्ट्राइकर हूं। मैं इसे स्वीकार करता हूं।’’ एमबाप्पे ने कहा, ‘‘मैं शुरुआती लाइनअप में खेलने के लिए तैयार था, यह उनका फैसला था। आप कोच से नाराज़ नहीं हो सकते, आपको हमेशा कोच की राय का सम्मान करना चाहिए। मैं कड़ी मेहनत करता रहूंगा और शुरुआती लाइनअप में जगह बनाने का इंतज़ार करूंगा।’’

अर्बेलोआ ने बाद में कहा कि उन्होंने एमबाप्पे से कभी नहीं कहा कि वह टीम में चौथी पसंद के स्ट्राइकर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास चार स्ट्राइकर नहीं हैं और मैंने एमबाप्पे को ऐसा कुछ नहीं कहा। मुझे लगता है कि वह मेरी बात को सही तरह से नहीं समझ पाए। मैं उन्हें कभी यह नहीं कह सकता कि वह चौथी पसंद के स्ट्राइकर हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़