CWG 2026 जश्न के बीच भारत का गलत नक्शा देखकर भड़कीं Lovlina Borgohain, रेस्टोरेंट से की शिकायत

Lovlina Borgohain
INSTAGRAM
एकता । Aug 2 2026 6:34PM

ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों की सफलता का जश्न मना रही भारतीय बॉक्सिंग टीम के सम्मान में आयोजित डिनर में विवाद हो गया। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा दिखाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। बॉक्सिंग फेडरेशन ने भी इसका समर्थन करते हुए रेस्टोरेंट प्रबंधन से भारत का सही नक्शा लगाने की मांग की है।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय बॉक्सिंग टीम के लिए ग्लासगो में एक सेलिब्रेशन डिनर रखा गया था। लेकिन इस खुशी के माहौल में उस समय विवाद हो गया, जब ओलंपिक मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन की नजर रेस्टोरेंट के नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे पर गई। लवलीना ने देखा कि नक्शे में भारत का नॉर्थ-ईस्ट हिस्सा नहीं दिखाया गया था। उन्होंने इस पर अपनी नाराजगी जताई और रेस्टोरेंट से इसे ठीक करने की अपील की।

लवलीना ने जताई नाराजगी
असम की रहने वाली लवलीना ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में कहा कि रेस्टोरेंट के नैपकिन और बाहर लगे बोर्ड पर भी भारत का गलत नक्शा दिखाया गया था।

उन्होंने कहा, "कृपया मेरी बात को गलत मत समझिए। मुझे यह देखकर बहुत बुरा लगा। भारत के नक्शे में हमारा नॉर्थ-ईस्ट नहीं दिखाया गया है। बाहर लगे नक्शे में भी यही गलती है। हम नॉर्थ-ईस्ट से आते हैं, इसलिए यह बात हमें बहुत दुख पहुंचाती है। मेरी बस यही अपील है कि अगली बार सही नक्शा इस्तेमाल करें। धन्यवाद।" इसे भी पढ़ें: CWG में गोल्ड जीतकर स्वदेश लौटीं Mirabai Chanu ने की PM Modi और Coach की जमकर तारीफ

बॉक्सिंग फेडरेशन ने भी उठाई आपत्ति
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय सिंह ने भी लवलीना की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नक्शे में सिर्फ पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर भी सही तरीके से नहीं दिखाया गया था। अजय सिंह ने रेस्टोरेंट प्रबंधन से कहा कि गलत नक्शे को हटाकर उसकी जगह भारत की सही सीमाओं वाला नक्शा लगाया जाए।

रेस्टोरेंट की ओर से नहीं आया बयान
यह घटना ग्लासगो के मशहूर भारतीय रेस्टोरेंट 'मिस्टर सिंह्स इंडिया – द होम ऑफ करी' में हुई। यहां अक्सर खेल टीमों और दूसरे खास मेहमानों का आना-जाना रहता है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक रेस्टोरेंट की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

शानदार प्रदर्शन के बीच हुआ विवाद
यह विवाद ऐसे समय सामने आया, जब भारतीय बॉक्सिंग टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपना अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। महिला टीम ने पांच गोल्ड मेडल जीते। प्रीति पवार, जैस्मिन लैंबोरिया, साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और प्रिया घांघस ने अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। वहीं, पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पांघल ने भी गोल्ड मेडल जीतकर भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या सात कर दी, जो एक नया रिकॉर्ड है। इसे भी पढ़ें: Tanvi Sharma ने ताइपे ओपन में जीता पहला बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 खिताब

गोल्ड से चूकीं लवलीना
लवलीना बोरगोहेन महिलाओं के 70 किलोग्राम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री से 4-1 से हार गईं। उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा और वह गोल्ड जीतने से थोड़े अंतर से चूक गईं।

जश्न के बीच बदल गया माहौल
भारतीय टीम इस रेस्टोरेंट में अपनी ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाने पहुंची थी। लेकिन गलत भारत का नक्शा देखने के बाद बातचीत मेडल और जीत से हटकर उसी मुद्दे पर आ गई। इसके बाद भारतीय बॉक्सिंग दल ने रेस्टोरेंट से भारत का सही नक्शा दिखाने की मांग की।

All the updates here:

अन्य न्यूज़