Max Verstappen ने Red Bull के लिए जीती 72वीं Grand Prix, Schumacher के रिकॉर्ड की बराबरी की

Max Verstappen
प्रतिरूप फोटो
X @Max33Verstappen
Ankit Jaiswal । Oct 5 2026 9:42PM

मैक्स वेरस्टापेन ने रेड बुल के लिए अपनी 72वीं ग्रां प्री जीतकर फेरारी के लिए माइकल शूमाकर की 72 जीत के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही वेरस्टापेन ने लगातार 11वें सत्र में जीत दर्ज करने की उपलब्धि भी हासिल की। एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा 84 जीत का रिकॉर्ड लुईस हैमिल्टन के नाम है।

रेड बुल के लिए मैक्स वेरस्टापेन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ग्रां प्री जीतने के मामले में अब वह एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाले ड्राइवरों की सूची में माइकल शूमाकर के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वेरस्टापेन ने रेड बुल के लिए अपनी 72वीं जीत दर्ज कर शूमाकर के फेरारी के साथ बनाए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

वेरस्टापेन की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने रेड बुल के लिए लंबे समय बाद पहला ग्रां प्री जीता है। इससे पहले उनकी आखिरी जीत 2025 अबू धाबी ग्रां प्री में आई थी। नई जीत के साथ उन्होंने अपने शानदार करियर के एक और बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

बता दें कि माइकल शूमाकर ने 1996 से 2006 के बीच फेरारी के लिए 72 ग्रां प्री जीती थीं। इसी दौर में उन्होंने 2000 से 2004 के बीच लगातार 5 बार विश्व चैंपियनशिप का खिताब भी अपने नाम किया था। फेरारी के साथ शूमाकर का लंबा और बेहद सफल दौर मोटर रेसिंग के इतिहास में सबसे यादगार समय में गिना जाता है।

वेरस्टापेन की नई उपलब्धि केवल टीम के लिए जीत तक सीमित नहीं है। उन्होंने लगातार 11 सत्रों में कम से कम 1 ग्रां प्री जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया है। इस मामले में अब वह शूमाकर और लुईस हैमिल्टन के साथ विशेष सूची में शामिल हो गए हैं। इससे पहले वेरस्टापेन लगातार 10 सत्रों में जीत के साथ एलेन प्रोस्ट के बराबर थे।

गौरतलब है कि लगातार सबसे ज्यादा सत्रों में ग्रां प्री जीतने के मामले में शूमाकर और हैमिल्टन अभी भी वेरस्टापेन से आगे हैं। दोनों ने लगातार 15 सत्रों में कम से कम 1 जीत दर्ज की थी। शूमाकर का यह सिलसिला 2006 में और हैमिल्टन का 2021 में खत्म हुआ।

एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा ग्रां प्री जीतने का रिकॉर्ड अभी लुईस हैमिल्टन के नाम है। उन्होंने मर्सिडीज के लिए 2013 हंगरी ग्रां प्री से लेकर 2024 बेल्जियम ग्रां प्री तक कुल 84 जीत हासिल कीं। हैमिल्टन ने 2020 तुर्की ग्रां प्री में अपनी 73वीं जीत के साथ शूमाकर के 72 जीत के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। उसी दिन उन्होंने अपना 7वां विश्व खिताब भी जीता और शूमाकर की बराबरी की थी।

मौजूद जानकारी के अनुसार वेरस्टापेन ने इस साल रेड बुल के साथ लंबे समय का नया करार किया है। ऐसे में उनके पास हैमिल्टन के 84 जीत के आंकड़े को पीछे छोड़ने का अच्छा मौका है। उन्हें रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए 13 और जीत की जरूरत है। अगर वह रेड बुल के साथ लंबे समय तक बने रहते हैं, तो एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड अपने नाम करने की स्थिति में हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़