IOA Elections: Narinder Batra ने Hockey India की प्रतिनिधि नामांकन प्रक्रिया पर उठाए सवाल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने पांच दिसंबर को होने वाले चुनावों के लिए हॉकी इंडिया के दो प्रतिनिधियों के चयन पर आपत्ति जताई है। उन्होंने चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कार्यकारी समिति की बैठक बुलाए बिना केवल फोन कॉल और ईमेल से यह फैसला लिया गया। बत्रा ने पूरी प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी और पारदर्शिता के अभाव का दावा करते हुए संबंधित ईमेल पत्राचार जांचने की मांग की है।

भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पूर्व अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने पांच दिसंबर को होने वाले आईओए चुनावों के लिए हॉकी इंडिया (एचआई) की ओर से महासभा में दो प्रतिनिधियों के नामांकन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है। हॉकी इंडिया ने अपने महासचिव भोला नाथ सिंह और पूर्व भारतीय खिलाड़ी जॉयदीप कौर को आईओए चुनावों के लिए क्रमश: पुरुष और महिला प्रतिनिधि के रूप में नामित किया है।

आईओए महासभा के सदस्यों को कार्यकारी परिषद के चुनाव में मतदान करने और उम्मीदवार बनने का अधिकार होता है। बत्रा 2014 से 2016 तक हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और 2016 से 2022 तक अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के प्रमुख भी रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नामांकनों पर विचार करने और उन्हें मंजूरी देने के लिए कार्यकारी समिति की कोई औपचारिक बैठक नहीं बुलाई गई।

उन्होंने यह भी कहा कि चयन प्रक्रिया केवल दो नामों तक सीमित रही और अन्य योग्य प्रतिनिधियों के नामों पर स्वतंत्र रूप से विचार किए जाने का कोई प्रमाण नहीं है। बत्रा ने शुक्रवार को आईओए के चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव को लिखे पत्र में कहा, ‘‘पूरी प्रक्रिया फोन कॉल के बाद इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जवाब हासिल करके पूरी की गई। इस प्रक्रिया से केवल भोलानाथ सिंह और जॉयदीप कौर के नाम सामने आए।

’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस घटनाक्रम से गंभीर सवाल उठता है कि क्या यह चयन वास्तव में किसी निष्पक्ष और पारदर्शी संस्थागत निर्णय का नतीजा था या फिर पहले से तय दो नामों के समर्थन में इलेक्ट्रॉनिक सहमति हासिल करने तक ही प्रक्रिया सीमित थी। ’’ बत्रा ने कहा, ‘‘नाम प्रस्तावित करने का निमंत्रण केवल इसलिए वैध संस्थागत प्रस्ताव नहीं बन सकता क्योंकि कुछ सदस्य बाद में फोन कॉल और ईमेल के जरिए इसका जवाब दे देते हैं। ’’ उन्होंने लिखा, ‘‘प्रस्ताव के पक्ष में बहुमत होना चाहिए।

कार्यकारी समिति के सदस्यों को प्रस्ताव भेजे जाने के बाद सहमति या असहमति दर्ज कराने के लिए सात दिन का समय दिया जाना चाहिए। ये संविधान में स्पष्ट रूप से निर्धारित शर्तें हैं और प्रशासनिक सुविधा के नाम पर इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा मामले में यह गंभीर सवाल है कि क्या महासचिव ने प्रक्रिया शुरू करने से पहले अध्यक्ष दिलीप कुमार टिर्की की सहमति ली थी।

’’ बत्रा ने कहा कि हॉकी इंडिया को पहले से पता होना चाहिए था कि आईओए चुनावों के लिए उसके प्रतिनिधियों के नाम महासभा में भेजने होंगे। चुनाव की अधिसूचना पिछले महीने सात अक्टूबर को जारी की गई थी। ऐसे में हॉकी इंडिया के पास नियमानुसार काफी पहले अपने दो प्रतिनिधियों का चयन करने का पर्याप्त समय था।

उन्होंने चुनाव अधिकारी श्रीवास्तव से हॉकी इंडिया को नामांकन प्रक्रिया से संबंधित सभी मूल ईमेल पत्राचार प्रस्तुत करने का निर्देश देने का अनुरोध किया। एक अन्य पत्र में बत्रा ने मौजूदा आईओए अध्यक्ष पीटी उषा और कार्यकारी समिति के सदस्य हरपाल सिंह के नामांकन पर भी सवाल उठाए। उषा को भारतीय आइस हॉकी संघ और हरपाल सिंह को भारतीय स्की एंड स्नोबोर्ड की ओर से नामित किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़