Asian Para Games: Pramod Bhagat और नितेश कुमार पुरुष एकल सेमीफाइनल में पहुंचे

भारतीय पैरा शटलर प्रमोद भगत और कुमार नितेश ने नागोया में जारी एशियाई पैरा खेलों के पुरुष एकल एसएल3 वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्के कर लिए हैं। भगत ने अंतिम आठ मुकाबले में जापान के डाइसुके फुजिहारा को सीधे गेम में मात दी, वहीं नितेश ने भारत के ही विक्रम कुमार को हराया। दोनों खिलाड़ियों के अपने-अपने सेमीफाइनल मैच जीतने की स्थिति में खिताबी भिड़ंत आपस में होगी।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा तथा विश्व चैंपियन प्रमोद भगत और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता कुमार नितेश ने मंगलवार को एशियाई पैरा खेलों में पुरुष एकल एसएल3 सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के कर दिए। भगत ने क्वार्टरफाइनल में जापान के डाइसुके फुजिहारा को 21-12 21-10 से हराया। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला बृहस्पतिवार को कोरिया के ली सेउंघू से होगा।
नितेश ने अपने हमवतन विक्रम कुमार को 21-8 21-8 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई, जहां उनका मुकाबला इंडोनेशिया के अल मुह इमरान से होगा। अगर यह दोनों खिलाड़ी सेमीफाइनल में जीत हासिल करते हैं तो फिर फाइनल में आमने-सामने होंगे। इससे पहले प्रमोद भगत और मनीषा रामदास तथा कृष्णा नागर और नित्याश्री सुमति सिवन की मिश्रित युगल टीमों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के कर लिये।
नागर और नित्या ने चीनी ताइपै के वू यू येन और जिन जिया सियांग को 21 . 15, 21 . 10 से हराकर ग्रुप ए में दूसरा स्थान हासिल किया और एसएच6 श्रेणी के सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह श्रेणी उन खिलाड़ियों के लिए है जिनका कद कम है, और ऐसा ‘एकोंड्रोप्लेसिया’ या अन्य आनुवंशिक बदलावों जैसी स्थितियों के कारण होता है। भगत और रामदास ने थाईलैंड के सिरिपोंग टीमारोम और चानिदा श्रीनावाकुल को 21 . 15, 21 . 14 से हराकर एसएल3 . एसयू5 वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पैरा बैडमिंटन में एसएल3 उन खिलाड़ियों के लिये हैं जिनके शरीर के निचले अंगों में विकार है और जो आधे कोर्ट पर ही खेलते हैं जबकि एसयू5 ऊपर के अंगों में अक्षमता वाले खिलाड़ियों के लिये है। मिश्रित युगल में दोनों श्रेणी के खिलाड़ियों की जोड़ी होती है। इस बीच महिला एकल एसएल3 में संजना कुमारी ने चीन की लियू युमेई को 21-19 21-12 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पुरुष एकल में थाईलैंड के मीचाई नत्थापोंग ने पूर्व पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता नागर को 21-15, 19-21, 21-17 से हराया। पुरुष एकल एसएल4 में अभिजीत सखूजा ने चीन के चेन पेंगफेई को 21-8 21-12 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। सखूजा का मुकाबला अब हमवतन सूर्यकांत यादव से होगा, जिन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।
मौजूदा चैंपियन सुहास एलवाई ने थाईलैंड के टीमारोम सिरिपोंग को 21-5 21-7 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दो बार के पैरालंपिक रजत पदक विजेता भारतीय खिलाड़ी का सामना अब कोरिया की चो नादान से होगा। हार्दिक मक्कड़ ने पुरुष एकल एसयू5 के राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया के नुग्रोहो सूर्यो को 21-18, 21-12 से हराया।
अन्य न्यूज़













