Mirabai Chanu को Arjuna Award देने की मांग, प्रतापराव जाधव ने खेल मंत्री को लिखा पत्र

Prabhasakshi Image

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू को अर्जुन पुरस्कार देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मीराबाई ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है और उनका बचपन से अर्जुन पुरस्कार पाने का सपना है।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू को इस वर्ष प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार देने पर विचार करने का आग्रह किया है। जाधव ने अपने पत्र में कहा कि मीराबाई ने भारतीय भारोत्तोलन में शानदार प्रदर्शन किया है और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर की इस खिलाड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर इतिहास रचा है।

हालांकि जिन खिलाड़ियों को पहले ही मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार जैसे बड़े सम्मान मिल चुके हैं, उन्हें आमतौर पर अर्जुन पुरस्कार नहीं दिया जाता। मीराबाई को वर्ष 2018 में खेल रत्न और पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। मीराबाई ने लगातार तीन राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीते हैं जिनमें ग्लास्गो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल भी शामिल हैं।

जाधव ने कहा कि मीराबाई को ओलंपिक पदक जीतने के बाद मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और पद्मश्री सहित देश के कई सर्वोच्च खेल सम्मान भी मिल चुके हैं लेकिन उनका बचपन से अर्जुन पुरस्कार पाने का सपना अभी तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने खेल मंत्री से आग्रह किया कि उनकी उपलब्धियों, असाधारण प्रतिभा और भारतीय खेलों में योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान से नवाजा जाए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़