PV Sindhu की अगुवाई में Arctic Open से भारतीय शटलर करेंगे नई शुरुआत

फिनलैंड के वंता में 5 लाख अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाले आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय दल मंगलवार से कोर्ट पर उतरेगा। एशियाई खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पीवी सिंधू, किदाम्बी श्रीकांत और एचएस प्रणय फॉर्म में लौटने की उम्मीद से अभियान शुरू करेंगे। महिला एकल में सिंधू पहले दौर में क्वालीफायर से भिड़ेंगी।
वंता (फिनलैंड), पांच अक्टूबर दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू की अगुवाई में भारतीय शटलर मंगलवार से यहां होने वाले 500,000 अमेरिकी डॉलर के आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने बीडब्ल्यूएफ सत्र की नए सिरे से शुरुआत करेंगे। एशियाई खेलों में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा था और उन्हें केवल एक पदक मिला था। सिंधू को एशियाई खेलों के महिला एकल क्वार्टरफाइनल में चीन की चेन युफेई से कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
यह 31 वर्षीय खिलाड़ी हालांकि अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने इस साल जापान ओपन जीता है। वह पहले दौर में क्वालीफायर का सामना करेंगी।
किदाम्बी श्रीकांत और एचएस प्रणय एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। यह दोनों खिलाड़ी अपनी फॉर्म को फिर से हासिल करने की कोशिश करेंगे। श्रीकांत का पहला मैच कनाडा के ब्रायन यांग से खेलेंगे जबकि प्रणय का सामना डेनमार्क के चौथी वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन से होगा।
महिला एकल में ताइपे ओपन सुपर 300 जीतने वाली तन्वी शर्मा का मुकाबला चीनी ताइपे की चियू पिन-चियान से होगा, जबकि वियतनाम ओपन सुपर 100 में उपविजेता रहीं इशारानी बरुआ का सामना थाईलैंड की शीर्ष वरीयता प्राप्त रत्चानोक इंतानोन से होगा। कोरिया मास्टर्स सुपर 300 में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतने वाली अश्मिता चालिहा का सामना डेनमार्क की सातवीं वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसन से होगा, जबकि उन्नति हुडा का मुकाबला चीन की हान कियान शी से होगा। पुरुष युगल में भारत के हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन का मुकाबला इंग्लैंड के एलेक्स ग्रीन और जैक रस से, जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त कृष्णा प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय का सामना चीन के हे जी टिंग और रेन जियांग यू से होगा।
अन्य न्यूज़














