Sunil Gavaskar बोले, T20 में बड़े लक्ष्य का पीछा करने का तरीका सुधारे Team India

हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में मिली हार के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी उठाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि 248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन की शानदार शुरुआत का बाकी खिलाड़ी फायदा नहीं उठा सके।
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद भारतीय टीम को लक्ष्य का पीछा करने के अपने तरीके में सुधार करना होगा और बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। भारत बुधवार को खेले गए मैच में संजू सैमसन के तेज अर्धशतक के बावजूद 248 रन के लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया। गावस्कर ने जियोस्टार से कहा, ‘‘भारतीय टीम को सबसे पहले लक्ष्य का पीछा करने के अपने तरीके में सुधार करना होगा।
भारतीय बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी। अगर बल्लेबाज जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो भारतीय टीम को सफलता नहीं मिलेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय बल्लेबाजों को इस तरह से दबदबा बनाना होगा जैसा कि लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम को करना चाहिए लेकिन इस मैच में इसकी जरा सी भी झलक देखने को नहीं मिली।’’ गावस्कर ने कहा कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम को सैमसन (56) से मिली शानदार शुरुआत का फायदा उठाना चाहिए था। उन्होंने कहा, ‘‘संजू ने भारत को शानदार शुरुआत दी, लेकिन बाकी बल्लेबाज इसका बिल्कुल भी फायदा नहीं उठा पाए।
अभिषेक शर्मा ने खराब पारी खेली। उनके स्तर के हिसाब से यह स्वीकार्य नहीं है। ईशान किशन भी कीमो पॉल के जाल में पूरी तरह फंस गए।
श्रेयस अय्यर शतक बनाने के बाद लय बरकरार नहीं रख पाए हैं।’’ वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 247 रन बनाए लेकिन गावस्कर ने इसके लिए भारतीय गेंदबाजों को दोषी ठहराने से परहेज किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि गेंदबाजी खराब रही है, लेकिन ये गेंदबाज अनुभवी नहीं हैं। वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नए हैं और उन्हें इसी तरह से सीख मिलेगी।’’ वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने श्रृंखला का अपना दूसरा शतक लगाकर जीत की नींव रखी।
भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि होप ने अपनी बल्लेबाजी में सही संतुलन हासिल कर लिया है। पुजारा ने कहा, ‘‘सीमित ओवरों की इस श्रृंखला में होप भारत के लिए बड़ा सरदर्द रहे हैं। उनकी विशेषता यह है कि वह अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा करते हैं और मौके का फायदा उठाते हैं।
यही कारण है कि वे ज्यादा जोखिम उठाए बिना इतनी तेजी से रन बनाते हैं।’’
अन्य न्यूज़













