Sheetal Devi ने तीरंदाजी में की World Record की बराबरी, Swati Chaudhary ने भी रचा इतिहास

Sheetal Devi
प्रतिरूप फोटो
X
Ankit Jaiswal । Oct 19 2026 6:13PM

एशियाई पैरा खेल 2026 में भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। स्वाति चौधरी ने महिलाओं के रैंकिंग दौर में 648 अंक जुटाकर नया एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड बनाया। वहीं शीतल देवी ने 704 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और अपना एशियाई रिकॉर्ड भी बेहतर किया।

एशियाई पैरा खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है। जापान के आइची-नागोया में सोमवार को तीरंदाजी मुकाबलों में स्वाति चौधरी और शीतल देवी ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। स्वाति ने महिलाओं के रैंकिंग दौर में नया एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड बनाया, जबकि शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए भारत की पदक उम्मीदों को मजबूत किया है।

अपने पहले एशियाई पैरा खेल में हिस्सा ले रहीं स्वाति चौधरी ने महिलाओं के रैंकिंग दौर में कुल 648 अंक हासिल किए। उन्होंने पहले हिस्से में 332 और दूसरे हिस्से में 316 अंक बनाए। इस दौरान उनके निशाने पर 9 बार एक्स और 14 बार 10 अंक आए। उनका कुल स्कोर 2023 में हांगझोऊ में चीन की मिनयी चेन के बनाए 627 अंकों के रिकॉर्ड से काफी आगे रहा। इस प्रदर्शन के साथ स्वाति ने नया एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

इससे पहले भारत की शीतल देवी ने महिलाओं की कंपाउंड तीरंदाजी के रैंकिंग दौर में 720 में से 704 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। यह मुकाबला ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क के बहुउद्देश्यीय मैदान में खेला गया। तुर्किये की ओजनुर क्योर भी इस विश्व रिकॉर्ड की संयुक्त हिस्सेदार हैं।

शीतल ने अपने प्रदर्शन से एशियाई रिकॉर्ड भी बेहतर किया। उन्होंने इस साल मार्च में थाईलैंड के बैंकॉक में 698 अंक हासिल किए थे, लेकिन इस बार 6 अंक ज्यादा बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने दोनों हिस्सों में 352-352 अंक बनाए। उनके निशाने पर 32 बार एक्स और 25 बार 10 अंक आए। इस स्कोर के साथ वह रैंकिंग दौर में पहले स्थान पर रहीं। उन्होंने 2023 में हांगझोऊ में बनाए अपने 680 अंकों के एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

भारत की पायल नाग ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 675 अंक बनाए और संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। उन्होंने पहले हिस्से में 334 और दूसरे में 341 अंक हासिल किए। उनके खाते में 12 एक्स और 20 बार 10 अंक दर्ज हुए। शीतल और पायल ने मिलकर महिलाओं के कंपाउंड युगल रैंकिंग दौर में 1,379 अंक बनाए और शीर्ष स्थान हासिल किया। इसमें शीतल का योगदान 704 और पायल का 675 अंक रहा।

पुरुषों के कंपाउंड तीरंदाजी रैंकिंग दौर में भारत के हरविंदर सिंह 631 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। उन्होंने पहले हिस्से में 310 और दूसरे में 321 अंक बनाए। उनके निशाने पर 8 एक्स और 13 बार 10 अंक आए। वहीं, विजय सुंडी ने 630 अंकों के साथ सातवां स्थान हासिल किया। उन्होंने पहले हिस्से में 318 और दूसरे में 312 अंक बनाए, जबकि उनके खाते में 6 एक्स और 13 बार 10 अंक दर्ज हुए।

गौरतलब है कि रैंकिंग दौर के अंक खिलाड़ियों की आगे की स्पर्धाओं में स्थिति तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। भारतीय तीरंदाजों के इन प्रदर्शन से टीम का मनोबल बढ़ा है और आने वाले मुकाबलों में उनसे बेहतर नतीजों की उम्मीदें मजबूत हुई हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़